नयी दिल्ली,22 नवंबर(वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के कोटा में हुए हादसे में लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
श्री मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से हादसे में मृत प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा “राजस्थान के कोटा में हुए दर्दनाक हादसे में लोगों की मृत्यु की खबर सुनकर अत्यंत दुख हुआ। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात करीब एक बजे कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभूपुरा गांव के पास यह क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इससे बच्चों एवं महिलाओं सहित नौ लोगों को जान चली गई।
हादसे में घायल लोगों को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महाराष्ट्र के ये लोग सीकर जिले में स्थित खाटूश्याम मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे।

