बाड़मेर। राजस्थान पंचायत चुनाव के बाद भाजपा की अंदरूनी नाराजगी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें भाजपा से बगावत कर चुनाव लड़ने वाले पृथ्वीराज सिंह बिहाड़ा पार्टी के जिला अध्यक्ष अनन्त राम विश्नोई से फोन पर बात करते नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान वह जिलाध्यक्ष की पत्नी की चुनावी हार पर तंज कसते हुए उन्हें बधाई देते हैं।
*फोन पर सुनाया टिकट कटने का दर्द*
वायरल ऑडियो में पृथ्वीराज सिंह कहते हैं कि जिलाध्यक्ष उनकी टिकट कटवाने में शामिल थे। वह फोन पर कहते हैं, ‘आप अपनी धर्मपत्नी की हार की हार्दिक बधाई स्वीकार कीजिए।’ इसके बाद वह अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहते हैं कि भगवान सब देख रहा है और इंसान को उसके कर्मों का फल जरूर मिलता है।
पृथ्वीराज सिंह ने टिकट वितरण की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि उम्मीदवारों के चयन से पहले पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं से राय ली जानी चाहिए थी। उन्होंने बातचीत में कमान सिंह को समर्थन देने और चुनाव के दौरान अपने समर्थकों की भूमिका का भी जिक्र किया।
*बायतु में BJP को एक सीट मिलने का दावा*
पृथ्वीराज सिंह ने बातचीत के दौरान बायतु पंचायत समिति के चुनाव परिणामों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि यहां भाजपा को केवल एक सीट मिली है और इस जीत में निर्दलीय उम्मीदवारों का योगदान रहा।
*जिलाध्यक्ष की पत्नी की हार बनी चर्चा की वजह*
इस पूरे घटनाक्रम के केंद्र में जिलाध्यक्ष की पत्नी का चुनाव परिणाम है। बायतु में उनकी पत्नी को हार का सामना करना पड़ा। इसी को लेकर पृथ्वीराज सिंह ने फोन पर तंज कसा। वहीं, इस वायरल बातचीत के बाद भाजपा के स्थानीय संगठन में टिकट वितरण और चुनावी रणनीति को लेकर अंदरूनी खींचतान की चर्चा तेज हो गई है।
