इंदौर. सिंहस्थ 2028 को देखते हुए उज्जैन में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी सिलसिले में शुक्रवार को प्रदेश के ऊर्जा विभाग के सचिव विशेष गढ़पाले ने उज्जैन पहुंचकर सिंहस्थ से जुड़े विद्युत कार्यों का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और सभी काम तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत उज्जैन पहुंचे ऊर्जा सचिव ने सबसे पहले वाल्मीकि धाम स्थित 33/11 केवी सब स्टेशन का निरीक्षण किया. इस सब स्टेशन के शुरू होने से सिंहस्थ के दौरान भृतहरि गुफा, कालभैरव मंदिर और आसपास के मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को बिजली आपूर्ति में सुविधा मिलेगी. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सिंहस्थ के समय उज्जैन शहर और पूरे मेला क्षेत्र में करीब 550 मेगावाट बिजली की मांग रहने का अनुमान है. इतनी बड़ी मांग को पूरा करने के लिए नए सब स्टेशन, उच्चदाब बिजली लाइन और ट्रांसफार्मर लगाने सहित कई कार्य किए जा रहे हैं.
सिंहस्थ की तैयारियों के तहत तीन नए सब स्टेशन बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि चौथा ग्रिड अगले दो सप्ताह में बिजली वितरण शुरू कर देगा. ऊर्जा सचिव विशेष गढ़पाले ने कहा कि सिंहस्थ 2028 प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. ऐसे में बिजली से जुड़े स्थायी और अस्थायी सभी कार्य निर्धारित समय में पूरे किए जाएं. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और समय सीमा का सख्ती से पालन किया जाए. किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी की स्थिति नहीं बननी चाहिए. उज्जैन पहुंचने पर ऊर्जा सचिव का मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के मुख्य अभियंता एससी वर्मा, अधीक्षण अभियंता विनोद मालवीय सहित अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया
