”अपनी पहचान और आत्मविश्वास के साथ समझदारी से एआई क्रांति में आगे बढ़ेगा भारत”

नयी दिल्ली, 20 नवंबर (वार्ता) कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की कोख से पनपी नयी डिजिटल क्रांति में अपनी भूमिका बढ़ाने के लिए प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के बीच मची प्रतिस्पर्धा में भारत एक ऐसे मोड़ पर खड़ा है, जहां से यह इस वैश्विक क्रांति की अगुवाई कर सकता है। यह मानना है इलेक्ट्रानिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (मेइटी) के अधिकारियों का।

सरकार की यह भी सोच है कि एआई क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए बहुत सावधानियां बरतने की जरूरत है, क्योंकि इसके साथ आवश्यकता और सुरक्षा से जुड़े मुद्दे भी जुड़े हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में देश की प्राथमिकता केवल एआई के इस्तेमाल को प्रोत्साहन देना ही नहीं बल्कि अपनी जरूरत के एआई टूल और प्रॉटोकोल देश में ही विकसित करना भी है।

भारतीय सूचना सेवा के अधिकारी और मेइटी मीडिया विभाग के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) धर्मेंद्र तिवारी ने यूनीवार्ता से कहा, ” एआई क्रांति के दौर में किसी देश को वास्तविक अवसर केवल एआई का इस्तेमाल करने से नहीं, बल्कि अपना खुद का एआई विकसित करने से मिलेगा। भारत को एक सुपर स्मार्ट देसी एआई की जरूरत है।”

उन्होंने कहा कि मेइटी का ठोस मत है कि देश की विशेषताओं, विविधताओं और आवश्यकताओं पर आधारित एआई मॉडल और टूल ही लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं के सरल, मधुर और रचनात्मक समाधान दे सकते हैं। स्वदेशी एआई समाधान स्मार्टफोन के माध्यम से लोगों की जीवनशैली और कौशल विकास से जुड़ी जरूरतों को तेजी और सटीकता से पूरा कर सकेंगे।

दिवाली से करीब एक सप्ताह पहले ”इंडिया एआई मिशन” के अंतर्गत नए स्वदेशी आधारभूत एआई मॉडल एआई एजेंट एका (ईकेए-1) और धीर (धीर 2बी / धीर 5बी) को उन्होंने इसी दिशा में किये जा रहे कार्यों का परिणाम बताया। ये मॉडल भारतीय भाषाओं और एजेंटिक कार्यों (स्वायत्त रूप से काम पूरा करने) के लिए खास तौर पर डिजाइन किए गये हैं।

श्री तिवारी ने कहा, “यदि हमारा स्वदेशी मॉडल छोटी और रचनात्मक रीलों के माध्यम से पूरी दुनिया तक भारतीय ज्ञान, परंपराओं, लोक कलाओं, विरासतों और संस्कृतियों को पहुंचा सके, तो हम इस क्षेत्र में बाजार पर अपना दबदबा कायम कर सकते हैं।”

एका-1 ”सॉकेट लैब्स टेक्नोलॉजी एंड रिसर्च” द्वारा विकसित किया गया है। यह 126.3 अरब पैरामीटर वाला एक शक्तिशाली फाउंडेशन मॉडल है, जिसे अंग्रेजी के साथ-साथ भारत की सभी 22 अधिसूचित भाषाओं में प्रशिक्षित किया गया है।

एका-1 एक एजेंटिक एआई है। वह निर्देश मिलने का इंतजार नहीं करती। वह किसी बड़े लक्ष्य को समझकर उसे छोटे-छोटे कार्यों में बांट देती है, ब्राउजर और डेटाबेस जैसे उपकरणों का इस्तेमाल करती है, परिणामों का निरीक्षण करती है और लक्ष्य हासिल होने तक अपनी रणनीति को बेहतर बनाती रहती है।

वहीं, धीर स्मार्टफोन पर उसका सहयोगी है। यह हल्का और ओपन-सोर्स मॉडल है, जो आपके फोन में ही रहता है और डेटा को स्थानीय स्तर पर सुरक्षित रखता है।

इसी तरह धीर को ”वाइनेंट एआईटेक इनोवेशन” ने ओपन-सोर्स मॉडल के रूप में पेश किया है। यह अंग्रेजी और 10 भारतीय भाषाओं को सपोर्ट करता है। बिना इंटरनेट के काम करने की क्षमता धीर मॉडल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षित तरीके से और बिना इंटरनेट के भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।

इन मॉडलों का उपयोग कोडिंग, गणित, रीजनिंग (तार्किक क्षमता) और स्वायत्त एआई एजेंट (एजेंटिक एआई) के रूप में विभिन्न जटिल कार्यों को खुद पूरा करने के लिए किया जा सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि देसी एआई के इस्तेमाल की संभावनाएं बहुत व्यापक हैं। एक विद्यार्थी केवल डिग्री हासिल करने के बजाय कोई कौशल सीख सकता है। कोई कंटेंट निर्माता डिजिटल स्कूल शुरू कर सोशल मीडिया के माध्यम से कमाई कर सकता है। कोई कारोबारी अपने विचार को बेहतर बनाकर भारतीय पारंपरिक ज्ञान को वैश्विक बाजार में बेच सकता है। एक स्मार्ट सहायक के रूप में एआई लोगों का साइबर धोखाधड़ी और गलत सूचनाओं से भी बचा सकता है।

एआई सॉफ्टवेयर की तुलना दिमाग और उसे काम करने के लिए इस्तेमाल होने वाले हार्डवेयर (माइक्रो चिप) आदि तुलना शरीर से करते हुए श्री तिवारी ने कहा, ” हमें मदरचिप की जरूरत है। एक हमारे स्मार्टफोन के लिए समझदार चिप और दूसरी हमारे एआई सर्वर के लिए सुपरवाइज चिप, जिस पर अभी काम चल रहा है।”

अधिकारियों का कहना है कि देश में उन्नत कंप्यूटिंग के विकास के लिए केंद्र (सी-डैक) महत्वपूर्ण काम कर रहा है। भारत के एआई सर्वर परम रुद्र को निगरानी के लिए अपने देसी सहयोगी स्वदेशी मदरचिप ”एयूएम” की जरूरत है। सितंबर में नयी दिल्ली के यशोभूमि में आयोजित सेमीकॉन कार्यक्रम के दौरान सी-डैक के वैज्ञानिकों ने कहा था कि जैसे ही देसी एयूएम चिप का टेप-आउट पूरा हो जाएगा, हमारा हार्डवेयर पूरी तरह स्वदेशी बन जाएगा।

इंडिया एआई मिशन संबंधी प्रस्ताव पर सात मार्च 2024 की मुहर का उल्लेख करते हुए श्री तिवारी ने कहा कि इस मिशन का उद्देश्य एक संप्रभु और समावेशी देसी एआई इकोसिस्टम विकसित करना है। एका और धीर इस दिशा में केवल शुरुआत हैं। यदि हम उन्हें देसी ज्ञान और देसी हार्डवेयर के साथ अच्छी तरह प्रशिक्षित करते हैं, तो वे भारत को एआई के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्वकर्ता बनाने में मदद कर सकते हैं।

उन्होंने अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के स्टारशिप स्पेसक्राफ्ट के अभियान की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह साफ्टवेयर और हार्डवेयर (चिप) का कमाल है। भारत भी अब स्वदेशी एआई म़ॉडल और अपने एआई सर्वर के लिए सुपरवाई एयूएम ओम जैसे माइक्रोप्रोसेसर्स ही नहीं बना रहा बल्कि पैक्स सिलिका (दुर्लभ खनिजों) की आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत बनाने के लिए बहुपक्षीय मंच का भी सदस्य है।

 

 

Next Post

भारत के प्रति नफरत और पाकिस्तान से प्रेम करने वाले राहुल गांधी को उन्हीं के पार्टी के नेता अब दिखा रहे हैं आईना - भाजपा

Fri Nov 20 , 2026
नयी दिल्ली 20 नवंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भारत के प्रति नफरत और पाकिस्तान से प्रेम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह विदेशों में वह ऐसे लोगों और ताकतों से मिलते हैं, जो भारत की बजाय पाकिस्तान की सकारात्मक छवि पेश […]

You May Like