
मंदसौर। भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में देव उठनी एकादशी शुक्रवार को भगवान का विशेष अभिषेक कर गेंदे एवं गुलाब के फूलों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। मंदिर स्थापना के 65 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 66वें पाटोत्सव पर्व एवं 64वें पशुपतिनाथ महादेव मेले का शुभारंभ 20 नवंबर को प्रातः 10 बजे विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। पाटोत्सव का आयोजन 20 दिनों तक चलेगा, जिसका समापन 9 दिसंबर को होगा। शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि युवाचार्य मणि महेश चेतन्यजी महाराज रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री पशुपतिनाथ मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने की। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, उपाध्यक्ष नम्रता प्रितेश चावला, मेला सभापति कमलेश सिसोदिया, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसोदिया, मंदिर समिति के सचिव एवं एसडीएम शुभम पाटीदार, पूर्व जिलाध्यक्ष मदनलाल राठौर, नानालाल अटोलिया, उपाध्यक्ष विनय दुबेला, पूर्व प्रशासक रूपनारायण जोशी, मेनपुरिया आश्रम ट्रस्ट के प्रधुम्न शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार ब्रजेश जोशी, समाजसेवी अरुण शर्मा, ज्योतिप्रकाश जाजपुरिया एवं राजेश गुर्जर कई भक्तगएा एवं नगर पालिका के पार्षद वपुर्व पार्षद व अधिकारी कर्मचारी सहित गणमान्यजन उपस्थित रहे। पाटोत्सव के संबंध में पं. श्रीकृष्ण वल्लभ शास्त्री मालवा स्वामी ने आयोजन की परंपरा एवं धार्मिक महत्व की जानकारी दी तथा उपस्थितजनों को आयोजन की पत्रिका भेंट कर आमंत्रित किया। इस अवसर पर वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार पाटोत्सव पूजा संपन्न हुई। उपस्थित अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना कर नगर की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। साथ ही ब्रह्मलीन पूज्यपाद 1008 संत श्री प्रत्यक्षानंदजी महाराज एवं पूज्यपाद अमर आत्मा श्री मस्तरामजी महाराज की पूजा-अर्चना कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव के 64वें मेले का भी विधिवत शुभारंभ हुआ। आगामी दिनों में पाटोत्सव के तहत धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन होंगे।
