मनासा के खानखेड़ी में लोकायुक्त की कार्रवाई, 2 हजार रुपए की रिश्वत लेते पटवारी पकड़ाया

नीमच/मनासा। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मनासा तहसील के ग्राम खानखेड़ी में पदस्थ पटवारी जितेश मराठा को 2 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। लोकायुक्त टीम ने रिश्वत की राशि पटवारी की मोटरसाइकिल के बैग से बरामद की। पटवारी पर आरोप है कि उसने फरियादी के दो प्लॉटों के अतिक्रमण दर्ज कराने के बदले 16 हजार रुपए की मांग की थी।

लोकायुक्त से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खानखेड़ी निवासी शिकायतकर्ता तेजूदास बैरागी, पिता ओमप्रकाशदास बैरागी ने 12 नवंबर 2026 को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक उज्जैन विनोद कुमार दीक्षित के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उसके प्लॉटों पर हुए अतिक्रमण को दर्ज कराने के एवज में पटवारी जितेश मराठा प्रति प्लॉट 8 हजार रुपए के हिसाब से कुल 16 हजार रुपए की मांग कर रहा है।

10 हजार में तय हुई थी रिश्वत की राशि

शिकायतकर्ता के निवेदन करने पर पटवारी कथित रूप से 10 हजार रुपए लेने पर सहमत हो गया था। शिकायत के अनुसार, वह पहले ही 3 हजार रुपए ले चुका था। शेष राशि में से शुक्रवार को शिकायतकर्ता ने 2 हजार रुपए पटवारी की मोटरसाइकिल के बैग में रखवाए। इसी दौरान लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने कार्रवाई करते हुए पटवारी को पकड़ लिया और मोटरसाइकिल के बैग से 2 हजार रुपए बरामद किए।

छह सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई

यह कार्रवाई लोकायुक्त संगठन के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह तथा उज्जैन लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई करने वाली टीम में डीएसपी दिनेशचंद पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, प्रधान आरक्षक कन्हैयालाल धनगर, आरक्षक शिवकुमार शर्मा एवं आरक्षक मोहम्मद इसरार शामिल रहे।

लोकायुक्त संगठन द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। खानखेड़ी में हुई इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में भी मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले में लोकायुक्त की आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Next Post

कलेक्ट्रेट के मीटिंग हॉल में अलसुबह लगी आग, फर्नीचर-कंप्यूटर सहित लाखों का सामान जलकर खाक

Fri Nov 20 , 2026
नीमच। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार अलसुबह उस समय हडक़ंप मच गया, जब कलेक्टर चेंबर के सामने बने मीटिंग हॉल में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में हॉल में रखा फर्नीचर, कुर्सियां, टेबल, दो एसी, कंप्यूटर सहित अन्य सामान जलकर […]

You May Like