सीधी/मझौली । विंध्य की प्राकृतिक सुंदरता को अपने आंचल में समेटे सीधी जिले के मझौली विकासखंड स्थित परसिली रिसॉर्ट आज देश ही नहीं बल्कि विदेशी पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का बड़ा केन्द्र बन चुका है। बनास नदी के शांत और सफेद रेतीले तट पर बसा यह रिसॉर्ट अपनी अनूठी वास्तुकला, घने जंगल और रोमांचक सफारी के कारण पर्यटन के मानचित्र पर एक अलग पहचान बना चुका है। वर्ष 2014-15 में मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा इसके संचालन और संधारण की जिम्मेदारी संभालने के बाद से यहां देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ विदेशी सैलानियों की आमद में तेजी से इजाफा हुआ है।
परसिली रिसॉर्ट की भव्यता के पीछे एक समृद्ध इतिहास और विश्वस्तरीय वास्तुकला छिपी है। स्थानीय जानकारों और ऐतिहासिक तथ्यों के अनुसार, इस परिसर का निर्माण वर्ष 1984 में तत्कालीन मुख्यमंत्री स्वर्गीय कुंवर अर्जुन सिंह के कार्यकाल में कराया गया था। इसे तत्कालीन प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के प्रस्तावित दौरे और जंगल के शांत वातावरण में ठहरने के उद्देश्य से एक सरकारी रेस्ट हाउस परसिली रेस्ट हाउस के रूप में तैयार किया गया था। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसके मुख्य भवन की बनावट है जिसे देश के प्रख्यात आर्किटेक्ट चाल्र्स कोरिया ने डिजाइन किया था। भवन को इस तरह आकार दिया गया है कि इसमें प्राकृतिक रोशनी भरपूर मात्रा में आती है और यह आसपास के घने जंगल के साथ पूरी तरह रचा-बसा नजर आता है।
पुरानी रेस्ट हाउस की इमारत को आधुनिक पर्यटन सुविधाओं के साथ संवारने के बाद यहां की संरचना को पूरी तरह इको-फ्रेंडली रखा गया है। मुख्य भवन के कमरों के साथ-साथ यहां लकड़ी की झलक वाले आकर्षक कॉटेज और लॉग हट्स बनाए गए हैं। रिसॉर्ट के कमरे, सिटिंग एरिया और रेस्टोरेंट से बनास नदी की कलकल करती धारा और सामने फैले घने वन क्षेत्र का सीधा और मनोरम दृश्य दिखाई देता है।
नंगे पांव रेत पर सैर और टाइगर सफारी का रोमांच
संजय राष्ट्रीय उद्यान एवं टाइगर रिजर्व के शुरुआती बिंदु पर स्थित होने के कारण परसिली रिसॉर्ट वन्यजीव प्रेमियों के लिए प्रवेश द्वार की तरह काम करता है। पर्यटक यहां से सीधे जंगल सफारी का आनंद ले सकते हैं। इसके अलावा बनास नदी के किनारे मीलों तक फैली मखमली सफेद रेत पर नंगे पांव चलना सैलानियों को सबसे ज्यादा आकर्षित करता है। चारों ओर फैली हरियाली और नदी की मौजूदगी के चलते यह स्थान पक्षी दर्शन के लिए भी किसी स्वर्ग से कम नहीं है जहां देश-विदेश से आने वाले पर्यटक और प्रकृति प्रेमी सुकून के पल बिताते हैं।
सलाना हजारों पर्यटकों की पसंद बना परसिली: राजेन्द्र
परसिली रिसॉर्ट के प्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि संजय टाइगर रिजर्व और बनास नदी की सुंदरता निहारने हर माह औसतन 400 से 500 पर्यटक यहां पहुंचते हैं। सालाना आने वाले सैलानियों में सर्वाधिक 1500 से 2000 पर्यटक पश्चिम बंगाल (कोलकाता) के होते हैं, वहीं हर साल डेढ़ से दो दर्जन विदेशी सैलानी भी यहां आते हैं। उन्होंने रिसॉर्ट की इस बढ़ती लोकप्रियता का श्रेय जिला प्रशासन के मार्गदर्शन, क्षेत्रीय जनता और मीडिया के सहयोग को दिया।
स्थानीय पर्यटकों का कहना है
परसिली रिसॉर्ट का शांत और सुरक्षित वातावरण महिलाओं व परिवार के लिए बेहद सुकून भरा है। यहाँ के हरे-भरे गार्डन में बैठकर प्रकृति को निहारना और एमपीटी के रेस्टोरेंट में ताजे व स्वादिष्ट पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लेना इस यात्रा को यादगार बना देता है।
श्रीमती लक्ष्मी गुप्ता, सीधी
परसिली रिसॉर्ट आकर मुझे बहुत मजा आया। एमपीटी ने हमारे खेलने के लिए बहुत अच्छे झूले लगाए हैं और रस्सी पर चढऩे वाले खेल में तो सबसे ज्यादा आनंद आता है। चारों तरफ हरा-भरा जंगल है, रंग-बिरंगी चिडिय़ा दिखती हैं और नदी की सफेद रेत पर नंगे पैर दौडऩे में बिल्कुल घर के आंगन जैसा लगता है। मैं अपने सहेलियों के साथ फिर से यहां आना चाहूंगी।
आराध्या द्विवेदी (उम्र 13 वर्ष), सीधी
हम पहले भी यहाँ आये थे लेकिन एमपीटी द्वारा संधारण किए जाने के बाद परसिली रिसॉर्ट की तस्वीर ही बदल गई है। बनास नदी की सफेद रेत पर नंगे पांव चलना और सामने घने जंगल का नजारा देखना बेहद सुकून देता है। यह सीधी के लिए गर्व की बात है कि हमारे जिले के इस खूबसूरत स्थान को देखने अब विदेशों से भी पर्यटक आ रहे हैं।
कुंदन सिंह, सीधी
