एमडी ड्रग्स और ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

इंदौर: शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से एमडी ड्रग्स और ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कनाड़िया पुलिस ने मंदसौर के एक तस्कर को 20 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा, जबकि क्राइम ब्रांच ने स्कीम नंबर 140 से 12 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया. दोनों आरोपियों से कुल 32 ग्राम मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल ऑल्टो कार सहित करीब 5.20 लाख रुपए का माल जब्त किया है.

पहली कार्रवाई कनाड़िया पुलिस ने टीपीएस 5 के पीछे चोरबावड़ी के पीछे मेन रोड पर की. सघन चेकिंग के दौरान पुलिस को एक व्यक्ति मारुति सुजुकी ऑल्टो कार में संदिग्ध हालत में बैठा मिला. पूछताछ में उसने अपनी पहचान अफजल नवाब खान उम्र 39 साल, निवासी ग्राम नगरी, तहसील दलोदा, जिला मंदसौर के रूप में बताई. कार की तलाशी लेने पर डैशबोर्ड से 20 ग्राम एमडी ड्रग्स मिला. पुलिस ने करीब दो लाख रुपए कीमत की ड्रग्स और दो लाख रुपए कीमत की कार जब्त की है. दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच ने 18 नवंबर को स्कीम नंबर 140 स्थित दिलपसंद ग्रीन मल्टी के पास से निलेश इस्के उम्र 27 साल, निवासी मुसाखेड़ी को पकड़ा. वह काले रंग का बैग लेकर खड़ा था और पुलिस को देखकर घबराने लगा.

संदेह होने पर तलाशी ली गई तो बैग से 12 ग्राम ब्राउन शुगर मिली, जिसकी कीमत करीब 1.20 लाख रुपए है. आरोपी ऑटो चलाता है और पांचवीं तक पढ़ा है. दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच की जा रही है. पुलिस अब उनसे मादक पदार्थों के स्रोत, सप्लायर और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है. एडीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है. मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

आलिया भट्ट, आर्यन खान से लेकर वैभव सूर्यवंशी तक 'टाइम100 नेक्स्ट इंडिया' की पहली सूची में शामिल

Thu Nov 19 , 2026
मुंबई, 19 नवंबर (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट और अभिनेता आर्यन खान से लेकर क्रिकेट के युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी तक देश की 100 उभरती प्रतिभाओं ने अमेरिकी समाचार पत्रिका ‘टाइम’ की प्रतिष्ठित सूची में जगह बनाई है। दुनिया की मशहूर पत्रिका ‘टाइम’ ने पहली बार भारत के लिए ‘टाइम100 […]

You May Like