हवाई पट्टी में अतिक्रमण हटाने के नाम पर फिर हुई खानापूर्ति, दल के साथ पहुंचे अधिकारियों ने दो झोपड़ी हटाए फिर दे दी दो दिन की मोहलत

सतना। हवाई अड्डे के विस्तार में सबसे बड़ी बाधा बन चुके अतिक्रमण को हटाने के लिए जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है. बुधवार को भारी दल-बल के साथ हवाई पट्टी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने महज दो अस्थायी झोपड़ियों को हटाकर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही पूरी कर ली और अतिक्रमणकारियों को एक बार फिर से दो दिन की मोहलत देकर बैरंग वापस लौट आई.

गौरतलब है कि सतना हवाई अड्डे पर हवाई पट्टी के विस्तार और आधुनिकीकरण का कार्य प्रस्तावित है, लेकिन परिसर की जमीन पर हुए अवैध कब्जों के कारण यह महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट लंबे समय से अटका हुआ है. एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा इस संबंध में जिला प्रशासन और राजस्व अधिकारियों को कई बार पत्राचार कर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की जा चुकी है. इससे पूर्व भी प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर अतिक्रमणकारियों को जगह खाली करने की कई बार हिदायत और नोटिस दी जा चुकी हैं, लेकिन प्रशासनिक खानापूर्ति के चलते कब्जाधारियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं.

कि उन पर प्रशासन की चेतावनी का कोई असर नहीं हो रहा है. बुधवार को जब प्रशासनिक अमला कार्रवाई के लिए पहुंचा, तो उम्मीद जताई जा रही थी कि हवाई पट्टी की जमीन को पूरी तरह कब्जामुक्त करा लिया जाएगा. लेकिन टीम ने केवल दो झुग्गियों को तोड़कर औपचारिकता पूरी की और शेष अतिक्रमणकारियों को दो दिन में स्वयं कब्जा हटाने का फिर से पूर्व की तरह अल्टीमेटम देकर लौट गई. प्रशासन की इस लचर कार्यशैली और बार-बार दी जा रही मोहलत के चलते हवाई अड्डे के विस्तार का कार्य अधर में लटका हुआ है. यह कार्यवाही एसडीएम सिटी राहुल सिलाड़िया और सतना एयरपोर्ट डायरेक्टर अशोक गुप्ता के नेतृत्व में हुई

Next Post

टोल नाके पर खड़ी यात्री बस को ट्रक ने मारी टक्कर

Thu Nov 19 , 2026
गुना: बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे गुना से इंदौर जा रही कमला बस में बीनागंज के पास जोगीपुरा टोल के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार एक महिला मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, […]

You May Like