जबलपुर। घमापुर और मदनमहल थाना क्षेत्रों में साइबर ठगों ने रिटायर्ड कर्मी, छात्रा समेत तीन लोगों के खातों से 99,504 रुपये पार कर दिए।जानकारी अनुसार घमापुर निवासी रिटायर्ड सीओडी कर्मी राजकुमार वंशकार (65) ने इंस्टाग्राम पर लाइफ सर्टिफिकेट के लिंक पर क्लिक किया। इसके बाद फर्जी एसबीआई एजेंट के झांसे में आकर उन्होंने ओटीपी और एटीएम पिन साझा कर दिया, जिससे उनके खाते से 32,494 रुपये कट गए।
इसी प्रकार लालमाटी निवासी अशोक कुशवाहा (51) जब फोन-पे से पैसे भेजने लगे, तो ट्रांजेक्शन फेल हो गया। बैलेंस चेक करने पर पता चला कि अज्ञात हैकर ने उनका मोबाइल हैक कर खाते से 26,010 रुपये ट्रांसफर कर लिए हैं। इसी प्रकार मदनमहल स्नेहनगर निवासी कॉलेज छात्रा श्रेया पटेल (18) ने व्हाट्सएप पर आए मूवीज बॉक्स ऐप के लिंक को डाउनलोड किया। इसके बाद उनका फोन हैक हो गया और यूपीआई के जरिए खाते से 41,000 रुपये किसी फकीर मोहम्मद के खाते में ट्रांसफर हो गए।
