सतना: झांसी मेडिकल कालेज के एनआईसीयू में भडक़ी आग के चलते 10 शिशुओं के काल के गाल में समा जाने जैसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आने के बाद जिला अस्पताल की पड़ताल की गई. अस्पताल के एसएनसीयू में मौजूद व्यवस्थाएं तो निर्धारित प्रोटोकाल के लगभग अनुरुप संचालित होती नजर आईं. लेकिन पीकू और शिशु वार्ड में अग्रि दुर्घटना के दौरान बचाव के इंतजाम नाकाफी दिखाई दिए.जिला अस्पताल में बाल्य गहन चिकित्सा इकाई और बाल्य एवं शिशु वार्ड दोनों ही प्रथम तल पर मौजूद हैं. यदि बाल्य गहन चिकित्सा इकाई की बात की जाए तो वहां पर एक ओर जहां अग्रिशमन संबंधी इंतजाम नाकाफी नजर आए.
वहीं दूसरी ओर अग्रि दुर्घटना जैसी आपात स्थिति में बाहर निकलना सबसे बड़ी समस्या के तौर पर सामने आया. पीकू वार्ड में 1 माह से अधिक उम्र के बच्चों को रखा जाता है. औसतन इस वार्ड में भर्ती रहने वाले शिशुओं की संख्या दर्जन भर से ऊपर ही रहती है. इस वार्ड में प्रवेश करने और बाहर निकलने के लिए एक ही दरवाजा है. आपात स्थिति में यदि मुख्य गेट अथवा गैलरी में आग लग जाए तो बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं रह जाएगा.
क्योंकि प्रथम तल पर स्थित यह वार्ड तीनों ओर से पूरी तरह बंद है. वार्ड के सामने स्थित कक्ष में एक ओर जहां बड़े-बड़े उपकरण और मॉनिटर रखे हुए हैं. वहीं आक्सीजन की सफाई पाइप लाइन के माध्यम से की जाती है. तकरीबन ऐसी ही स्थिति पीकू के बगल में स्थित बाल्य एवं शिशु वार्ड में भी देखने को मिली. यह वार्ड भी जहां तीनों ओर से बंद है वहीं आने और जाने का एक ही रास्ता गलियारे से होकर गुजरता है. आपात अथवा भगदड़ की स्थिति के लिहाज से यहां की व्यवस्थाएं भी खासी संवेदनशील नजर आईं. इतना ही नहीं बल्कि एक और गंभीर खामी यह भी सामने आई कि अग्रि दुर्घटना की स्थिति में यदि दमकल समय रहते अस्पताल पहुंचे भी जाए तो इसे पीकू और शिशु वार्ड तक पहुंचकर रेस्क्यू शुरु करने में खासा महत्वपूर्ण समय निकल जाएगा.
एसएनसीयू में मिले 3 दरवाजे
जिला अस्पताल के एसएनसीयू में 24 जून 2014 को भीषण अग्रि दुर्घटना सामने आई थी. हलांकि गनीमत इस बात की रही कि उस दौरान वार्ड की खिडि़कियों को तोडक़र वहां पर भर्ती सभी 37 शिशुओं को सुरक्षित बचा लिया गया था. झांसी मेडिकल कालेज में हुए भयावह हादसे के तारतम्य में जिला अस्पताल के एसएनसीयू की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पर पाया गया कि यहां पर 10 वर्ष पहले हुई घटना से काफी हद तक सबक लिया जा चुका है. वार्ड में कुल 3 दरवाजे मौजूद हैं व आपात स्थिति में टीबी वार्ड के रास्ते से बाहर निकला जा सकता है. वार्ड में मौजूद फायर एलार्म का ठीक से कार्य करने का दावा भी किया गया. वार्ड में आधा दर्जन आग बुझाने के यंत्र रखे हुए हैं. जिन्हें हर 3 महीने में जांच के लिए भेजा जाता है. इतना ही नहीं बल्कि वार्ड में 3 शिफ्ट में चौबीसों घंटे चिकित्सक व नर्स के ड्यूटी पर तैनात रहने का दावा भी किया गया.
