इंदौर: लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा. सूर्योपासना और कठिन व्रत-साधना के इस पर्व को लेकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है. छठ पूजा समितियों और स्थानीय रहवासियों द्वारा घाटों की साफ-सफाई, कुंडों की व्यवस्था, निर्माण और सजावट का काम तेजी से किया जा रहा है.
कई स्थानों पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. छठ महापर्व के पहले दिन शुक्रवार को कार्तिक शुक्ल चतुर्थी पर व्रती स्नान-ध्यान कर शुद्धता और पवित्रता के साथ व्रत का संकल्प लेंगे. इस दिन शुद्ध बर्तनों में स्वयं तैयार किया गया चावल, दाल और लौकी की सब्जी ग्रहण की जाएगी.
इसी के साथ चार दिवसीय छठ व्रत की शुरुआत होगी. महापर्व के दूसरे दिन 14 नवंबर को कार्तिक शुक्ल पंचमी पर खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे और शाम को पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण करेंगे. खरना का प्रसाद मुख्य रूप से गन्ने के रस में बनी चावल की खीर, दूध, चावल का पिठ्ठा और घी लगी रोटी होता है. भगवान सूर्य को भोग अर्पित करने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करेंगे. इसके साथ ही 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा. 15 नवंबर को छठ महापर्व के तीसरे दिन व्रती जलकुंडों और घाटों पर खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके अगले दिन सोमवार, 16 नवंबर को सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।
छठ घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में
पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संसथान मध्य प्रदेश के अध्यक्ष ठाकुर जगदीश सींग, महासचिव के के झा के अनुसार, शहर में छठ पूजा को लेकर विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. बापट चौराहे के समीप सुखलिया क्षेत्र में छठ पूजा को लेकर खासा उत्साह है. यहां व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट की साफ-सफाई, निर्माण और सजावट का काम तेजी से चल रहा है. कैट रोड स्थित श्री सूर्य मंदिर परिसर में भी छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। स्थानीय पार्षद एवं जोन अध्यक्ष प्रशांत बडवे ने मौके पर पहुंचकर सफाई और विकास कार्यों का निरीक्षण किया.
इस दौरान श्री सूर्य मंदिर छठ पूजा समिति के कार्यकारिणी सदस्य भी मौजूद रहे. इधर, निपानिया के समर पार्क में भी स्थानीय पार्षद सुरेश कुरवारे के नेतृत्व में छठ घाट की सफाई की जा रही है. कुरवारे ने बताया कि क्षेत्र के निपानिया तालाब को भी विकसित किया जा रहा है. उनका प्रयास है कि अगले वर्ष छठ महापर्व से पहले यहां स्थायी छठ घाट का निर्माण हो जाए, ताकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु एक ही स्थान पर एकत्रित होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दे सकें। इसी तरह विजय नगर के स्कीम नंबर 54 स्थित छठ घाट, स्कीम नंबर 78 सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में भी छठ घाटों की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
