UAE में 23 वाहनों में लगी भीषण आग, भारतीय समेत 14 लोगों की मौत, 30 घायल

Fujairah Truck Accident: संयुक्त अरब अमीरात,  UAE के फुजैराह में 23 वाहनों की टक्कर के बाद भीषण आग से 14 लोगों की मौत और 30 घायल हुए। हादसे में कितने भारतीय प्रभावित हुए और जांच में क्या सामने आया?

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह में देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। एक भारी ट्रक के अनियंत्रित होने से 23 वाहन आपस में टकरा गए। इस भीषण दुर्घटना में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हो गए। हादसे में भारतीय नागरिक भी मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं। UAE के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।

UAE के गृह मंत्रालय ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में बताया कि हादसा आधी रात से कुछ समय पहले फुजैराह के प्रवेश द्वार के पास शेख खलीफा बिन जायद स्ट्रीट पर हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। ट्रक पहले एक अन्य वाहन से टकराया और फिर पलटकर धीमी रफ्तार से चल रहे ट्रैफिक में खड़े कई वाहनों से जा भिड़ा।

ट्रक में लगी आग, कई गाड़ियां जलकर खाक
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक में आग लग गई। देखते ही देखते आग आसपास के कई वाहनों में फैल गई और कई कारें इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। आग इतनी भीषण थी कि कई मृतकों की पहचान करना मुश्किल हो गया। ऐसे में पुलिस विशेषज्ञों की मदद से DNA टेस्ट कराकर शवों की पहचान की जा रही है।

हादसे में घायल 30 लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, इनमें से 15 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि बाकी 15 का उपचार जारी है। मृतकों और घायलों में UAE, भारत, ओमान, ब्राजील, पाकिस्तान, जॉर्डन और मिस्र के नागरिक शामिल हैं।

भारतीय वाणिज्य दूतावास ने परिवारों से किया संपर्क
दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने पुष्टि की है कि हादसे में भारतीय नागरिक भी प्रभावित हुए हैं। दूतावास ने कहा कि वह UAE के स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर पीड़ितों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।

दूतावास ने शोक जताते हुए कहा कि उसने मृतकों के परिजनों से संपर्क किया है और उन्हें जरूरी मदद मुहैया कराने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।

हादसे की वजह की जांच जारी
फुजैराह पुलिस और UAE का गृह मंत्रालय हादसे की जांच कर रहे हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ट्रक में तकनीकी खराबी थी या किसी अन्य वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे हादसे से जुड़े अपुष्ट वीडियो, तस्वीरें और दावे सोशल मीडिया पर साझा न करें।

 

Next Post

अर्धवार्षिक परीक्षा पेपर के लिए इंदौर के स्कूलों को देना होंगे 65 रुपए प्रति विद्यार्थी

Fri Nov 13 , 2026
इंदौर. सरकारी हाईस्कूल और हायर सेकंडरी स्कूलों में होने वाली अर्धवार्षिक परीक्षाओं को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड, भोपाल से भेजे जाएंगे. इसके लिए इंदौर जिले के स्कूलों को भी प्रत्येक परीक्षार्थी के हिसाब से 65 रुपए परीक्षा शुल्क […]

You May Like