वाशिंगटन, 12 नवंबर (स्पुतनिक/वार्ता) अमेरिका ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाकर उसके ज़मीनी व्यापार मार्गों को बंद करना चाहता है, लेकिन इस मुहिम में उसे पड़ोसी देशों से कड़े विरोध का सामना करना पड़ रहा है। समाचार पत्र ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।
अखबार के अनुसार अमेरिकी अधिकारियों ने कई हफ्तों तक तुर्की, इराक और पाकिस्तान से ईरान के साथ लगने वाली उनकी सीमाएं बंद करने का आग्रह किया, लेकिन अधिकारियों को कोई सफलता नहीं मिली। पड़ोसी देशों ने व्यापार रुकने से होने वाले आर्थिक नुकसान और जनता के बीच असंतोष के डर से ऐसा करने से इनकार कर दिया है। तुर्की ने अपनी सीमा नीति में कोई बदलाव नहीं किया है जबकि ईरानी गैस पर निर्भर रहने वाले इराक ने अपनी लगभग सभी सीमाएं बंद करने की अमेरिकी मांग को ठुकरा दिया है।
बातचीत से जुड़े एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि कई पड़ोसी देशों ने सीधे तौर पर चेतावनी दी है कि अगर व्यापार बंद किया गया तो वहां जन-विद्रोह हो सकता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि सीमा के दोनों ओर के लोगों और व्यवसायों के लिए यह व्यापार बहुत महत्वपूर्ण है। एक अन्य सूत्र ने अखबार को बताया कि अमेरिका के मौजूदा दबाव से उसके प्रमुख क्षेत्रीय सहयोगियों के बीच केवल निराशा और असंतोष ही बढ़ रहा है।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ‘आयरन गेट’ यूनिट शुरू करने की घोषणा की थी, जिसका उद्देश्य ईरान को अपनी ज़मीनी सीमाओं और कैस्पियन सागर के ज़रिए हथियारों और अन्य सामग्रियों की ढुलाई करने से रोकना है।
रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने ईरान के ज़मीनी व्यापार पर नज़र रखने की अमेरिकी योजनाओं को उकसावे वाली कार्रवाई बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसे कदमों से ईरान का संकट पड़ोसी क्षेत्रों तक फैल सकता है।
