
इंदौर. कनाड़िया थाना क्षेत्र में एक कार से पुलिस ने 80 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं. कार में सवार दो व्यक्ति इतनी बड़ी रकम के संबंध में मौके पर कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके. दोनों ने रकम जमीन बेचने से मिलने की बात कही है, लेकिन उनके जवाब संदेहास्पद लगने पर पुलिस ने नकदी जब्त कर आयकर विभाग को सूचना दी है.
कार्रवाई टीपीएस 05 मेन रोड पर फिनिक्स मॉल के पीछे खाली मैदान में की गई. पुलिस को यहां संदिग्ध हालत में खड़ी एमपी 09 जेडई 5088 वैगनआर कार मिली. तलाशी लेने पर कार में 80 लाख रुपए नकद रखे मिले. इनमें 500 रुपए के नोटों में 75 लाख, 100 रुपए के नोटों में 3 लाख और 200 रुपए के नोटों में 2 लाख रुपए थे. कार में देवास जिले के बागली थाना क्षेत्र के बरखेड़ा सोमा का तिलोक गामी उम्र 52 साल और मनोज गामी उम्र 44 साल सवार थे. दोनों खेती किसानी करते हैं. पूछताछ में उन्होंने पहले रकम बिचौली निवासी सुरेश पटेल से लेकर आने की बात कही, जबकि बाद में इसे बरखेड़ा बागली की जमीन का पैसा बताया. रकम के संबंध में कोई दस्तावेज नहीं मिलने और जवाबों में विरोधाभास के चलते पुलिस ने पूरी नकदी विधिवत जब्त कर ली. एडीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों व्यक्तियों से मिली 80 लाख रुपए की नकदी के संबंध में मौके पर दस्तावेज नहीं मिले हैं. रकम जब्त कर आयकर विभाग को सूचना दी गई है. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
