मुंबई, 11 नवंबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को एक बार फिर तेजी रही हालांकि आईटी और फार्मा सेक्टरों में बिकवाली का दबाव देखा गया।
बीएसई का सेंसेक्स 242 अंक की बढ़त के साथ 82,248 अंक पर खुला और 82,520 अंक तक ऊपर गया , हालांकि दोपहर बाद इसकी तेजी कुछ कम हुई। अंत में सेंसेक्स पिछले कारोबारी दिवस के मुकाबले 772.75 अंक (0.95 प्रतिशत) की मजबूती के साथ 81,879.40 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी-50 सूचकांक का ग्राफ भी ऐसा ही रहा। यह 210.40 अंक यानी 0.84 प्रतिशत चढ़कर 25,255.05 अंक पर बंद हुआ। यह दोनों सूचकांकों का इस साल 26 फरवरी के बाद का उच्चतम स्तर है।
वृहत बाजार में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.93 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.59 प्रतिशत मजबूत हुआ।
सेक्टर आधारित सूचकांकों में ऑटो में 2.14 फीसदी और रसायन में 2.10 फीसदी की तेजी रही। एफएमसीजी, बैंकिंग, वित्त, तेल एवं गैस, रियल्टी और सीमेंट सूचकांकों के शेयर भी एक से दो प्रतिशत के बीच चढ़े। आईटी, फार्मा, रियल्टी और स्वास्थ्य समूहों में गिरावट रही।
एनएसई में जिन 3,767 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,493 के शेयरों में तेजी और 1,166 में गिरावट रही। अन्य 108 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 20 के शेयर हरे निशान में रहे। महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर सबसे अधिक 5.25 प्रतिशत की बढ़त में रहा। इंडिगो में 4.30 फीसदी, ट्रेंट में 3.02, टाटा स्टील में 2.22, आईटीसी में 2.15, एक्सिस बैंक में 2.14, मारुति सुजुकी में 2.04 और भारती एयरटेल में 2.03 प्रतिशत की तेजी रही।
पावरग्रिड का शेयर 1.92 प्रतिशत, भारतीय स्टेट बैंक का 1.80, एशियन पेंट्स का 1.76, कोटक महिंद्रा बैंक का 1.67, एचडीएफसी बैंक का 1.58, अल्ट्राटेक सीमेंट का 1.42, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 1.41, बजाज फिनसर्व का 1.15, बीईएल का 1.09 और बजाज फाइनेंस का 0.94 प्रतिशत मजबूत हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज और एलएंडटी के शेयर भी बढ़त में रहे।
अडानी पोर्ट्स में सबसे अधिक 1.66 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। टेक महिंद्रा का शेयर 1.29 प्रतिशत और टेक महिंद्रा तथा एचसीएल टेक्नोलॉजीज दोनों के शेयर 0.95 प्रतिशत टूट गए। आईसीआईसीआई बैंक, टाइटन, एनटीपीसी, इटरनल और सन फार्मा के शेयर भी नुकसान में रहे।
वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 1.31 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.46 फीसद की बढ़त में रहे जबकि हांगकांग का हैंग सेंग 0.98 प्रतिशत फिसल गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.71 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.40 प्रतिशत ऊपर था।
