ढाका, बांग्लादेश की राजधानी ढाका के पास नारायणगंज स्थित ‘जामिया अशरफिया मदरसे’ में मंगलवार को अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। पांच मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस आग के बाद पूरी इमारत में जहरीला धुआं फैल गया, जिसकी चपेट में आकर कम से कम 79 छात्र बीमार हो गए। अग्निशमन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए छात्रों को तुरंत बाहर निकाला और इलाज के लिए ढाका के ‘नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी’ पहुंचाया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, 63 छात्रों को आपातकालीन निगरानी में भर्ती किया गया है, जबकि 16 छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
आईसीयू में जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं गंभीर छात्र, चिकित्सकों के मेडिकल बोर्ड ने 72 घंटे का ऑब्जर्वेशन रखा अनिवार्य
अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुल्तान महमूद शिकदर ने जानकारी दी कि आग से झुलसने के सीधे निशान किसी छात्र पर नहीं हैं, लेकिन जहरीला धुआं सांस के जरिए फेफड़ों में प्रवेश करने से सभी को गंभीर श्वसन समस्याएं हुई हैं। 14 से 22 वर्ष की आयु के चार छात्रों की हालत अत्यंत चिंताजनक है, जिन्हें गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में रखा गया है और उनमें से एक छात्र जीवन रक्षक प्रणाली (लाइफ सपोर्ट) पर है। डॉक्टरों ने छात्रों की स्वास्थ्य स्थिति का सही आकलन करने के लिए एक विशेष मेडिकल बोर्ड का गठन किया है और डॉक्टरों का कहना है कि स्थिति को स्पष्ट होने में कम से कम 72 घंटे का समय लगेगा।
दूसरी मंजिल पर स्थित पूरी लाइब्रेरी जलकर खाक, समय रहते आग पर पाया गया काबू जिससे टला बड़ा हादसा
अग्निशमन विभाग के ड्यूटी ऑफिसर शाहजहां ने बताया कि आग दूसरी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट होने के कारण लगी थी और देखते ही देखते धुआं ऊपर की मंजिलों तक फैल गया, जिससे छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। बाहर निकलने की कोशिश में दम घुटने से कई छात्र बेहोश होकर गिर पड़े। दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया है, हालांकि मदरसे में मौजूद पुस्तकालय पूरी तरह जलकर खाक हो गया। प्रशासन ने घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और राहत-बचाव कार्य को गति दी जा रही है।

