
खातेगांव। टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड से जुड़े अंतरराज्यीय अवैध शराब सिंडिकेट की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नेटवर्क की परतें खुलने की उम्मीद बढ़ती जा रही है। करोड़ों के संदिग्ध लेन-देन, गुजरात तक फैले शराब तस्करी के नेटवर्क और कथित संरक्षण देने वालों की पड़ताल के बीच पुलिस को आरोपियों की रिमांड भी बढ़वाने में सफलता मिली है। एसआईटी की नजर सिंडिकेट के उन चेहरों पर है, जो पर्दे के पीछे रहकर इस पूरे नेटवर्क को संचालित करने में भूमिका निभा रहे थे।
मामले में पुलिस को सफलता मिली है। आरोपियों की पहली रिमांड अवधि समाप्त होने पर मंगलवार को विशेष जांच टीम ने आरोपियों राहुल जायसवाल, केरमसिंह चंगोड़ और विजय राव को न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता, साक्ष्यों को जुटाने और नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को बेनकाब करने के लिए रिमांड बढ़ाने की मांग की, जिसे न्यायालय ने स्वीकार कर लिया। न्यायालय के आदेशानुसार, अवैध शराब सिंडिकेट के मुख्य सरगना राहुल जायसवाल और ट्रक ऑपरेटर केरमसिंह की पुलिस रिमांड अवधि को 16 नवंबर तक के लिए बढ़ा दिया गया है। वहीं, इस पूरे मामले में बिचौलिए की भूमिका निभाने वाले तीसरे आरोपी विजय राव की पुलिस रिमांड 13 नवंबर तक बढ़ाई गई है।
टिमरनी से गुजरात तक फैला है सिंडिकेट, करोड़ों के लेन-देन का शक-
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पहली रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी राहुल जायसवाल के टिमरनी (हरदा) स्थित दफ्तर और ठिकानों पर छापेमारी की गई थी। वहां से पुलिस को लाखों रुपए की नकदी के साथ-साथ अवैध शराब के परिवहन, फर्जी बिल्टियों और बेनामी संपत्तियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे हैं। जांच में यह बात साफ हो चुकी है कि यह सिंडिकेट मध्यप्रदेश से होकर गुजरात के ड्राई स्टेट तक अवैध शराब की बड़ी खेप खपा रहा था। इस नेटवर्क के वित्तीय लेन-देन का पूरा डेटा खंगाला जा रहा है।
सफेदपोशों और आबकारी विभाग पर कसेगा शिकंजा-
देवास पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देशन में काम कर रही एसआईटी के लिए यह रिमांड अवधि बेहद अहम मानी जा रही है। पुलिस अब इन दिनों में यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि इतने बड़े पैमाने पर चल रहे शराब के अवैध कारोबार को किन-किन सफेदपोशों और राजनेताओं का संरक्षण प्राप्त था। इसके साथ ही आबकारी विभाग के कौन से अधिकारी और कर्मचारी इस सिंडिकेट की मदद कर रहे थे, उनके नामों का खुलासा भी जल्द होने की उम्मीद है।
सह-आरोपियों की गिरफ्तारी और जब्ती-
गौरतलब है कि पुलिस इस मामले में राहुल के बिजनेस पार्टनर मनीष जायसवाल को पहले ही गुजरात से गिरफ्तार कर चुकी है। वारदात में इस्तेमाल किए गए शराब से भरे ट्रक और आरोपियों को रास्ता दिखाने वाली स्विफ्ट कार को पहले ही जब्त किया जा चुका है। ट्रक का मुख्य चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत और क्लीनर पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों की फरारी में मदद करने वाले अन्य मददगारों तक भी पहुंचने की तैयारी में है।
