
सीहोर। पशुओं की सलामती, परिवार की खुशहाली और बेहतर दुग्ध उत्पादन की कामना लेकर बाराखंबा मेले में उमड़ी लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के सामने प्रशासनिक व्यवस्थाएं बौनी साबित होती नजर आईं. दीपावली के दूसरे दिन देवपुरा में भगवान पशुपतिनाथ को दूध अर्पित करने पहुंचे पशुपालकों ने वर्षों पुरानी परंपरा निभाई, लेकिन दूसरी ओर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई रही. घंटों तक वाहनों की कतारों में फंसे श्रद्धालु परेशान होते रहे. मौके पर पर्याप्त पुलिस बल और जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी नजर नहीं आए. स्थिति ऐसी बनी कि दर्शनार्थियों को मुख्य मार्ग छोड़कर खेतों के रास्ते वाहन निकालने पड़े. लाखों लोगों की मौजूदगी वाले आयोजन में व्यवस्थाओं की बदहाली ने प्रशासनिक तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए.
जिले की इछावर तहसील के ग्राम देवपुरा स्थित बाराखंबा मंदिर में दीपावली के दूसरे दिन पड़वा पर आयोजित मेले में जिले सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पशुपालक और श्रद्धालु पहुंचे. यहां भगवान पशुपतिनाथ की देवशिला पर गाय-भैंसों का दूध अर्पित करने की प्राचीन परंपरा है. मान्यता है कि दूध चढ़ाने से पशु सालभर स्वस्थ और निरोगी रहते हैं. श्रद्धालु अपने पशुधन की सुरक्षा, दूध उत्पादन में वृद्धि और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं. दूध के लगातार अभिषेक से मंदिर परिसर के पीछे दूध की धारा बहने लगती है, जिसे श्रद्धालु श्रद्धापूर्वक ग्रहण करते हैं. माना जाता है कि इस दिन पशु पालक अपने दुधारू पशुधन के दूध को बेचते नहीं हैं. वही पूरा दूध बारहखंबा स्थित पशुपतिनाथ मंदिर लेकर आते हैं और उन्हें अर्पित कर पशुधन की कुशलता की कामना करते हैं.
जाम की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ श्रद्धालुओं को मुख्य मार्ग छोड़कर खेतों के रास्ते अपनी गाडिय़ां निकालनी पड़ीं. दर्शन करने पहुंचे जगदीश मालवीय ने बताया कि व्यवस्था संभालने के लिए मौके पर पुलिस या प्रशासन का कोई कर्मचारी दिखाई नहीं दिया। चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें थीं और लोग घंटों परेशान होते रहे. श्रद्धालुओं का कहना है कि यदि यातायात को व्यवस्थित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम होते तो लोगों को इस तरह भटकना नहीं पड़ता. सर्वाधिक दिक्कत दुपहिया वाहनों से परिवार व छोटे बच्चों के साथ आए लोगों को उठाना पड़ी. जाम में कई घंटों फंसे रहने के बाद भी जब रास्ता साफ नहीं हुआ तो वह रास्ते में ही बाइक छोड़कर मंदिर रवाना हुए.
आस्था के मेले में यातायात व्यवस्था ने तोड़ा दम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच मेले की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ता गया. देखते ही देखते सड़कों पर लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बाधित हो गया. श्रद्धालुओं के मुताबिक, कई घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे. हालात ऐसे हो गए कि लोगों को आगे बढऩे के लिए रास्ता तक नहीं मिल रहा था. बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भी जाम के बीच भारी परेशानी झेलनी पड़ी. जिस मेले में हर साल लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है, वहां यातायात व्यवस्था का इस तरह बिगडऩा लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया.
सदियों पुरानी परंपरा निभाने पहुंचे हजारों पशुपालक
इछावर तहसील के बारहखंबा मेले का महत्व केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण और जनजातीय संस्कृति की जीवंत पहचान भी है. वर्षों से किसान अपने पशुओं का दूध भगवान पशुपतिनाथ को अर्पित करते आ रहे हैं. इछावर के पशुपालक महेन्द्र्र वर्मा ने बताया कि हर साल पशुओं की सलामती की कामना लेकर बाराखंबा पहुंचते हैं. इस बार भी भगवान के दरबार में दूध अर्पित कर पशुधन की सुरक्षा की प्रार्थना की. किसानों के लिए यह आयोजन आस्था, परंपरा और पशुधन से जुड़े विश्वास का प्रतीक है.
बैठक और निरीक्षण के बाद भी नहीं बनी व्यवस्था
मेले से पहले कलेक्टर बालागुरू के. ने अधिकारियों की बैठक लेकर यातायात, सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे. झूलों की सुरक्षा जांच, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया था. कलेक्टर ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण भी किया था. इसके बावजूद मेले के दौरान सामने आई अव्यवस्थाओं ने तैयारियों की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए.
