आप से दूर होती अपनी जमीन

दिल्ली डायरी

प्रवेश कुमार मिश्र

दिल्ली की सड़कों पर आंदोलनों की कोख से इंडिया अगेंस्ट करप्शन के नारों के बीच जन्मी आम आदमी पार्टी इन दिनों अपनी राजनीतिक उद्गम स्थली दिल्ली में विपक्षी दलों के इतने बड़े आंदोलन से अलग रहकर अपनी जमीन से दूर होती जा रही है. आम आदमी के हक के लिए सड़कों पर उतरना और जनता की आवाज बनना ही जिस पार्टी की मूल आत्मा थी लेकिन आज जब दिल्ली में जनता के मुद्दों को लेकर विपक्ष इतना बड़ा आंदोलन खड़ा कर रहा है, तब आप का इससे पूरी तरह किनारा कर लेना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है. इस निष्क्रियता के पीछे भले ही पंजाब विधानसभा चुनाव हो लेकिन इस दूरी ने दिल्ली की जनता के बीच यह संदेश दिया है कि पार्टी अब जन-सरोकारों से दूर हो चुकी है. साथ ही इस चुप्पी ने अन्य विपक्षी दलों को दिल्ली की जमीन पर दोबारा पैर पसारने और खुद को जनता का असली हमदर्द साबित करने का सुनहरा मौका दे दिया है. ऐसे में कहा जा रहा है कि बड़े आंदोलन से अलग रहकर आम आदमी पार्टी धीरे-धीरे अपनी उसी बुनियादी जमीन को खोती जा रही है, जिसे वक्त रहते न संभाला गया तो वापस पाना नामुमकिन हो जाएगा.

एमएलसी चुनाव के बाद बढ़ा भाजपा-जदयू में तनाव

बिहार विधान परिषद यानी एमएलसी चुनाव के नतीजे आने के बाद राजग गठबंधन के भीतर का अंतर्विरोध अब खुलकर सामने आ गया है. दोनों दलों के बीच का मनमुटाव अब सिर्फ बंद कमरों की चर्चा नहीं रह गया है बल्कि दो जदयू-समर्थित प्रत्याशी को हराने वाले निर्दलीय उम्मीदवारों का परिणाम के तुरंत बाद भाजपा खेमे में चले जाने के कारण गठबंधन की दरार पूरी तरह उजागर हो गई है. जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने भाजपा के इस कदम पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे सीधे तौर पर गठबंधन धर्म के खिलाफ बताया है. जदयू इसे एक तरह से राजनीतिक धोखा मान रही है, क्योंकि इन निर्दलीय उम्मीदवारों ने चुनाव में सीधे तौर पर आधिकारिक जदयू उम्मीदवारों का खेल बिगाड़ा था. चुनाव परिणामों के बाद जदयू की ओर से दबी जुबान से भाजपा पर भीतरघात का आरोप लगाया जा रहा था लेकिन परिणाम के बाद अचानक जीते नेताओं द्वारा भाजपा दफ्तर पहुंचकर पार्टी की सदस्यता लेने से जदयू पूरी तरह भड़क गई है. जदयू इसे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के वजूद और सम्मान पर सीधा हमला मान रही है. हालांकि जदयू की नाराज़गी को खत्म करने के लिए टकराव की स्थिति भांप कर भाजपा के केन्द्रीय नेता इस कड़वाहट को तुरंत शांत करने के प्रयास में जुट गए हैं.

सड़क पर उतरे सत्ताधारी लोग

अक्सर यह माना जाता है कि सड़कें विपक्ष का ठिकाना होती हैं और सत्ता की जगह संसद या विधानसभा के भीतर होती है, लेकिन आज यह पूरी धारणा बदलती हुई नजर आ रही है. विपक्षी दलों द्वारा चलाए जा रहे आक्रामक आंदोलनों ने सत्ता के गलियारों में ऐसी बेचैनी पैदा कर दी है कि इसकी काट ढूंढने के लिए खुद सत्ताधारी दल के बड़े-बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं को भारी लाव-लश्कर के साथ सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा है. विपक्ष के आंदोलन और तीखे सवालों पर पलटवार करने के लिए सत्ताधारी दल द्वारा लोकतंत्र बचाओ मार्च निकालना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है. कहा जा रहा है कि विपक्ष के नैरेटिव को ध्वस्त करने के लिए सड़क से सड़क पर संघर्ष की रणनीतिक कोशिश बहुस्तरीय संदेश का परिचायक बन रही है.

लालू से मिलने उनके घर पहुंची सोनिया गांधी

पिछले दिनों दिल्ली के सियासी गलियारों में एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने भारतीय राजनीति के पिछले दो दशकों के इतिहास और भविष्य की रणनीतियों को एक साथ समेट दिया. कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी खुद चलकर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मिलने उनकी सांसद बेटी के आवास पर पहुंचीं. यह मुलाकात वैसे तो एकदम व्यक्तिगत थी लेकिन इस मुलाकात के बाद से ही दिल्ली के राजनीतिक हलकों में पुरानी यादों और नए गठबंधनों को लेकर चर्चाओं का बाजार बेहद गर्म हो गया है. मुलाकात के पीछे का प्राथमिक कारण लालू यादव के स्वास्थ्य का हालचाल जानना था, जो पिछले कुछ समय से नियमित मेडिकल चेकअप के लिए दिल्ली आए हुए हैं. बताया जा रहा है कि इंडिया गठबंधन के माक आयोजन के दौरान सोनिया गांधी ने तेजस्वी यादव से लालू यादव के सेहत के बारे में जानकारी ली. इसके बाद उन्होंने लालू यादव को फोन कर हालचाल पूछने के साथ मिलने की बात कही लेकिन लालू यादव खुद उनसे मिलने दस जनपथ आने की बात करने लगे. इसके बाद सोनिया गांधी ने खुद आगे बढ़कर लालू यादव के घर जाकर मुलाकात की. ऐसे में कहा जा रहा है कि सोनिया गांधी का यह कदम सहयोगियों को यह आश्वस्त करने की कोशिश है कि कांग्रेस अपने पुराने और वफादार साथियों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है.

Next Post

*‘मुद्दों में दम है तो संसद में चर्चा करो’, करनाल से राहुल गांधी पर अमित शाह का सीधा निशाना*

Thu Nov 5 , 2026
हरियाणा के करनाल में बीजेपी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित पदयात्रा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए संसद में चर्चा करने की चुनौती दी। अमित शाह के साथ केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल […]

You May Like