
पांढुरना, नगर के जिला पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में बुधवार को छिंदवाड़ा रेन्ज के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश सिंह द्वारा वार्षिक अपराध समीक्षा बैठक ली गई, जिसमें अपराधों समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए । बैठक में पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनकामना प्रसाद सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, महिला सुरक्षा शाखा एवं यातायात प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिले के लंबित अपराध, मर्ग, चालान, खात्मा, खारजी एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए। साथ ही आदतन अपराधियों के विरुद्ध जिला बदर की कार्यवाही तथा गौवंश, एनडीपीएस, आबकारी, जुआ एवं सट्टा संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु निर्देशित किया गया। एससी/एसटी एक्ट के प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेज एवं जाति प्रमाण पत्र प्राप्त करने, साइबर फ्रॉड की शिकायतों में तत्काल राशि होल्ड कराकर पीड़ितों को राशि वापस दिलाने तथा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।यातायात दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात समितियों का गठन कर 35 वर्ष से कम आयु के युवाओं को जोड़ने, रेडक्रॉस के समन्वय से फर्स्ट एड सामग्री एवं सीपीआर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही आगामी गोटमार मेले के दृष्टिगत गोफन चलाने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की पूर्व तैयारी करने हेतु निर्देशित किया गया।
पुलिस उप महानिरीक्षक श्री राकेश कुमार सिंह द्वारा सभी अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, प्रभावी पुलिसिंग, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण एवं आमजन की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
