डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर एक बार फिर सैन्य हमला करने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि हम ईरान के परमाणु ठिकानों पर नजर रख रहे हैं और जरूरत पड़ने पर 10 मिनट में मिसाइल हमला कर सकता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि अमेरिका एक बार फिर ईरान पर हमला कर सकता है। उन्होंने कहा कि ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने अमेरिका और इजरायल को नए हमलों की चेतावनी दी है। इसलिए हमें अभी भी ईरान में एक या दो ठिकानों पर नजर रखनी है। ट्रंप ने यह बयान मध्यावधि चुनाव के लिए होने वाले मतदान से ठीक पहले दिया है।
ट्रंप ने शनिवार को अपने फ्लोरिडा घर पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि, हमने ईरान के परमाणु ठिकानों को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। लेकिन दो से तीन ठिकाने है, जिन पर हमें अभी नजर रखने की जरूरत है। अगर ईरान हमपर हमला करने की कोशिश करता है तो हम 10 मिनट के अंदर उन ठिकानों पर मिसाइलें दाग सकते हैं।
ईरान के परमाणु ठिकानों पर निगरानी जरूरी
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के पिकैक्स माउंटेन परमाणु ठिकाने का जिक्र करते हुए कहा कि, हम इसे देख सकते हैं और हमें उसका ध्यान रखना होगा। हम यह सब बहुत जल्दी कर सकते हैं। हालांकि जब उनसे यह पूछा गया कि क्या अमेरिका इसी हफ्ते ही ईरान पर हमला कर सकता है? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि आप इतना बेवकूफी भरा सवाल क्यों पूछेंगे? क्या मैं आपको बताऊंगा? ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ बातचीत ठीक चल रही है लेकिन आप जानते हैं कि वे बहुत भरोसेमंद नहीं हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति का यह बयान मोजतबा खामेनेई के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि किसी भी खतरे का तुरंत जवाब दिया जाना चाहिए। खामेनेई मार्च में अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की अमेरिका-इजरायली हमलों में हत्या के बाद से सार्वजनिक तौर पर नजर नहीं आए हैं।
ईरान ने अपडेट की टारगेट लिस्ट
जानकारी के मुताबिक, मोजतबा ने शीर्ष सैन्य कमांडरों से कहा, किसी भी खतरे का तुरंत, असरदार और बिना किसी रोक-टोक के जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने कमांडरों को ईरान की टारगेट लिस्ट को अपडेट करने का भी आदेश दिया, जिसमें अमेरिकी-जायोनी दुश्मन से जुड़ी सभी तरह की ठोस और अमूर्त संपत्तियां शामिल हों। यह खामेनेई और ईरान के शीर्ष सैन्य अधिकारियों के बीच पहली बताई गई बैठक थी।
क्या मध्यावधि चुनाव के बाद ट्रंप ईरान पर हमला करेंगे?
डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले कुछ दिनों में कहा है कि वह अगले हफ्ते की शुरुआत में अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के बाद ईरान के खिलाफ नई सैन्य कार्रवाई शुरू कर सकते हैं। ईरान पर अपने हमलों के लिए अमेरिका के संभावित हमलों का जिक्र करते हुए ट्रंप ने पिछले हफ्ते कहा, हम एक और छोटा सा एपिक फ्यूरी कर सकते हैं।
इससे पहले अमेरिका के विदेश सचिव मार्को रुबियो ने शनिवार को यह भी चेतावनी दी कि अगर हम चाहें तो सैन्य कोउद्देश्यों हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल राष्ट्रपति ने किसी भी नए हमले पर कोई फैसला नहीं लिया है। उन्होंने तेहरान पर “सक्रिय रूप से और खुले तौर पर कमर्शियल जहाजों पर हमला करने का आरोप भी लगाया।
