विपक्ष की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है: सिंधिया

अलवर, 31 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस और विपक्ष के आचरण पर सवाल उठाते हुए कहा है कि विपक्ष की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है।

श्री सिंधिया ने शनिवार को राजस्थान में अलवर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जब किसी को नेता प्रतिपक्ष चुना जाता है तो इसका अर्थ होता है कि एक तरफ सत्ता दल है और दूसरी तरफ विपक्ष का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी किसी के कंधों पर होती है।

उन्होंने कहा कि झगड़ा और मारपीट लोकतंत्र का तरीका नहीं है। यह आचरण और व्यवहार किसी नेता या विपक्ष का नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा,” झगड़ा करो, मुक्के लगाओ और आकाशवाणी के दफ्तर में घुसकर निजी सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट करो, क्या यही प्रजातंत्र का तरीका है।”

उन्होंने ऐसे व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध की अपनी मर्यादा होती है।

श्री सिंधिया ने कहा कि देश और समाज की नजरें हमेशा जनसेवकों पर टिकी रहती हैं। जनसेवक जिस तरह का आचरण और व्यवहार करते हैं, समाज भी उससे प्रभावित होता है। इसलिए जनप्रतिनिधियों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और ऐसा व्यवहार करना चाहिए, जो लोकतांत्रिक मूल्यों और मर्यादाओं के अनुरूप हो।

उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आर्यभट्ट जी ने शून्य का आविष्कार किया था, लेकिन ऐसा लगता है कि शून्य का आविष्कार कांग्रेस के लिए ही किया गया है, क्योंकि इनका नेतृत्व, नीति और नीयत सब शून्य हो चुकी है।

 

 

Next Post

तीसरे दिन भी नही हुए सूर्यदेव के दर्शन, गलन भरी बनी रही ठंड

Sat Oct 31 , 2026
रीवा, अर्नब चक्रवात भले ही कमजोर पकड़ चुका है लेकिन तीसरे दिन भी सूर्यदेव के दर्शन नही हुए और गलन भरी ठंड बनी रही. दोपहर कुछ समय के लिये लगा कि मौसम खुल जाएगा, लेकिन दोपहर बाद और घने बादल छा गये. दिन भर ठंड बनी रही, हालाकि शुक्रवार की […]

You May Like