
शाजापुर, अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से ही मौसम में ठंडक घुलना शुरू हो गई है और तापमान तेजी से गिरने लगा है. पिछले चार दिनों में तापमान में 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है. अर्नब चक्रवात के असर के चलते हो रही बेमौसम बारिश का भी असर नगर में देखा जा रहा है. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि आज से मौसम खुलने की संभावना है. इन दिनों आंध्र, उड़ीसा सहित कुछ राज्यों में अर्नब चक्रवात के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो रहा है. कहीं तेज बारिश हो रही है तो कहीं तेज हवा परेशानी का कारण बनी हुई है, इस चक्रवात का असर नगर में भी दिखाई दे रहा है जहां अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में ही बेमौसम बरसात हो रही है. हालांकि यहां केवल रिमझीम बारिश ही देखने को मिल रही है जिसके चलते मौसम में ठंडक घुली हुई है. गुरूवार देर रात तक हुई रिमझीम वर्षा के चलते शुक्रवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला नजर आया. आसमान में काले बादल छाए रहे और दिनभर धूप नहीं निकली. सर्द हवा चलने से मौसम में ठंडक घुल गई जिसने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया. जबकि इसके पहले तेज धूप और उमस के कारण शहरवासी परेशान थे. गुरुवार और शुक्रवार को मौसम में आए बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली. मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि शनिवार को भी बारिश हो सकती है जिसकी संभावना काफी कम है, लेकिन आसमान पर बादल छाए रहेंगे. वहीं मौसम खुलने की भी संभावना है.
एक सप्ताह में 34 से 27 डिग्री पहुंचा तापमान
मौसम के मिजाज में आए बदलाव का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मंगलवार को नगर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री था जो शुक्रवार को 27.8 डिग्री दर्ज किया गया, तो न्यूनतम तापमान भी 20 डिग्री दर्ज किया गया. आगामी दिनों में तापमान और कम हो सकता है.हालांकि शनिवार से मौसम साफ होने से धूप भी खिलेगी.
