नाबालिग से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को 20 साल की सजा

उज्जैन। महिदपुर में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में विशेष न्यायालय ने आरोपी भावेश योगी (19), निवासी यशवंत मार्ग, जेल रोड महिदपुर को 20 वर्ष के कठोर कारावास और 13 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। विशेष न्यायाधीश पॉक्सो अधिनियम एवं तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश कमलेश सनोडिया की अदालत ने यह फैसला सुनाया।

कोचिंग के दौरान हुई थी पहचान-अभियोजन के अनुसार, पीडि़ता ने 23 जून 2025 को महिदपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीडि़ता की उम्र घटना के दौरान 15 वर्ष 9 माह थी। आरोपी से उसकी पहचान वर्ष 2023 में कोचिंग के दौरान हुई थी। आरोप था कि दिसंबर 2023 में घर पर अकेली होने के दौरान आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद भी आरोपी कथित रूप से उसे धमकाकर उसका शोषण करता रहा।

फोटो वायरल करने की दी धमकी

पीडि़ता के अनुसार, 14 अप्रैल 2025 को आरोपी ने उसे अपनी चचेरी बहन के घर बुलाकर फिर जबरदस्ती की। आरोपी की धमकियों से परेशान होकर पीडि़ता मई में इंदौर स्थित अपने माता-पिता के पास चली गई। इसके बाद आरोपी ने फोन पर उसे महिदपुर लौटने के लिए धमकाया और ऐसा नहीं करने पर उसके फोटो इंस्टाग्राम पर डालकर बदनाम करने की धमकी दी। बाद में पीडि़ता ने अपनी मां को पूरी घटना बताई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

इन धाराओं में सजा

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना के बाद न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया था। न्यायालय ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) में 20 वर्ष, धारा 332(बी) में 5 वर्ष और धारा 351(3) में 2 वर्ष का कठोर कारावास सुनाया। वहीं, पॉक्सो अधिनियम की धारा 5एल/6 में भी 20 वर्ष के कठोर कारावास और कुल 13 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। प्रकरण में उपनिदेशक अभियोजन राजेंद्र कुमार खांडेगर के मार्गदर्शन में विशेष लोक अभियोजक कमल सिंह गोयल ने पैरवी की।

Next Post

हरिफाटक पर बनेगा अंडरपास, नीलगंगा से गेल इंडिया तक चौड़ी होगी सडक़

Thu Oct 29 , 2026
उज्जैन। महाकाल नगरी उज्जैन में सिंहस्थ महाकुंभ 2028 की तैयारियों के बीच शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सडक़ों के चौड़ीकरण और नए अंडरपास निर्माण की योजना पर काम तेज हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह नगर उज्जैन में सिंहस्थ के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं […]

You May Like