भदोही, 29 अक्टूबर (वार्ता) चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से संत रविदास नगर भदोही में गुरुवार तड़के से मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से हो रही रिमझिम बारिश और आसमान में छाए बादलों के कारण मौसम ठंडा हो गया। सुबह 9:15 बजे तक धूप नहीं निकलने और तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने से जनजीवन पर भी मौसम का असर दिखाई दिया। वहीं, बेमौसम बारिश ने धान की तैयार फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
खेतों में धान की कटाई का काम तेजी से चल रहा है। किसानों के मुताबिक, जिले में 30 प्रतिशत से अधिक धान की फसल काटकर खेतों में रखी जा चुकी है। ऐसे में बारिश और तेज हवाओं से फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। खेतों में कटी पड़ी धान की फसल के भीगने से दानों में अंकुरण होने और चावल की गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। किसानों को आशंका है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर प्रशासन ने पूर्वांचल के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई थी। 28 से 31 अक्टूबर के बीच संभावित मौसमी बदलाव को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की गई है। तेज हवा के झोंकों से खेतों में खड़ी धान की फसल गिरने की आशंका भी जताई गई है, जिससे कटाई और उपज की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।
धान की कटाई के महत्वपूर्ण दौर में मौसम में आए इस बदलाव ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। किसान अब मौसम साफ होने की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि खेतों में पड़ी फसल को सुरक्षित किया जा सके और संभावित नुकसान से बचा जा सके।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. आरपी चौधरी ने बताया कि बेमौसम बारिश किसानों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है। यदि बारिश के साथ तेज हवाएं और तूफान का असर बढ़ता है तो खेतों में कटी पड़ी धान की फसल में अंकुरण होने से उपज की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा खेतों में बोई गई सरसों की फसल पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
