रायपुर में 750 किलो अमानक पनीर नष्ट, 44 दिन बाद खाद्य विभाग ने की कार्रवाई

इसके बावजूद जांच रिपोर्ट आने के 44 दिन बाद पनीर को नष्ट किया गया। विभाग ने उरला स्थित फैक्ट्री में यह कार्रवाई करते हुए संबंधित ब्रांड के मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

इधर, एक दिन पहले भिलाई में खाद्य विभाग की छापेमारी के दौरान एक्सपायरी दूध से पनीर बनाने और गंदगी के बीच मिठाइयां तैयार करने के मामले सामने आए थे। कार्रवाई के दौरान करीब 2,500 किलो मिठाई और 1,000 लीटर दूध नष्ट कराया गया। साथ ही तीन प्रतिष्ठानों में काम बंद करा दिया गया। वहीं, वैशाली नगर की एक दुकान में बिस्किट के पैकेट पर नौ दिन आगे की तारीख डालकर पैकिंग किए जाने का मामला भी सामने आया है। दुकान संचालक के खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 सितंबर को खाद्य विभाग ने रायपुर के जोरा के पास ओडिशा ले जाए जा रहे एक मालवाहक वाहन से पनीर की खेप जब्त की थी। इसके बाद पनीर के नमूने जांच के लिए रायपुर की लैब भेजे गए थे। 12 सितंबर को प्राप्त जांच रिपोर्ट में मिल्की मलाई और मलाई मैजिक, दोनों ब्रांड का पनीर खाने योग्य नहीं पाया गया। इसके बाद पनीर निर्माता कंपनी का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया था।

जांच रिपोर्ट में पनीर को खाने योग्य नहीं बताए जाने के बावजूद उसे तत्काल नष्ट नहीं किया गया। इस दौरान संबंधित कंपनी ने सरकारी लैब की जांच रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए दोबारा परीक्षण कराने की मांग की। इसके लिए पनीर का नमूना नेशनल फूड लैब भेजा गया। कंपनी ने पनीर नष्ट करने के लिए आवेदन भी दिया था।

इसके बाद खाद्य विभाग ने उरला स्थित फैक्ट्री में 750 किलो पनीर नष्ट कराया, ताकि इसका इस्तेमाल नहीं हो सके और यह दोबारा बाजार में नहीं पहुंचे।

खाद्य विभाग अब मिल्की मलाई और मलाई मैजिक ब्रांड के मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। इसके लिए प्रकरण तैयार कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद न्यायालय में मामले की आगे की सुनवाई होगी।

 

Next Post

खेतों में नरवाई जलाई, पांच पर कार्यवाही

Sun Oct 25 , 2026
जबलपुर। बरगी अंतर्गत देवरी और खापा में रविवार को खेतों में नरवाई जलाने की भनक लगते ही राजस्व एवं कृषि अधिकारियों के संयुक्त दल ने मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया। उप संचालक कृषि उमेश कुमार कटहरे ने बताया कि निरीक्षण के दौरान जिन व्यक्तियों द्वारा खेतों […]

You May Like