मोदी ने की पटेल जयंती पर ‘एकता दौड़’ में शामिल होने, भाई परमानंद के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील

नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाली ‘एकता दौड़’ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और स्वतंत्रता सेनानी भाई परमानंद के जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा लेने का आग्रह किया है।
श्री मोदी ने आकाशवाणी से प्रसारित अपने मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी में रविवार को कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को देश ‘एकता दिवस’ के रूप में मनाता है। इस अवसर पर देशभर में ‘एकता दौड़’ का आयोजन होता है। यह दौड़ देश की एकता को मजबूत करने और राष्ट्र के प्रति संकल्प को दोहराने का बड़ा अवसर है। उन्होंने लोगों से अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इस आयोजन से जोड़ने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि चार नवंबर को स्वतंत्रता सेनानी भाई परमानंद की 150वीं जयंती मनाई जाएगी। आर्य समाज से उनका गहरा जुड़ाव उनकी प्रेरणा और आदर्शों का बड़ा स्रोत था। 20वीं सदी के शुरुआती वर्षों में भाई परमानंद आर्य समाज के कार्यों के सिलसिले में दक्षिण अफ्रीका गए थे, जहां उनकी मुलाकात महात्मा गांधी से हुई थी।
श्री मोदी ने कहा कि भाई परमानंद ने गुयाना में गिरमिटिया समुदाय के बीच भी काम किया था जो उस समय आर्य समाज का एक बड़ा केंद्र था। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें भी गुयाना की यात्रा के दौरान आर्य समाज के स्मारक पर जाने का अवसर मिला था।
श्री मोदी ने कहा कि भाई परमानंद ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। कहा जाता है कि उन्होंने ही लाला हरदयाल को अमेरिका जाने के लिए प्रेरित किया था। वह गदर पार्टी के संस्थापक सदस्यों में भी शामिल थे। स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका के कारण अंग्रेजों ने उन्हें काला पानी की सजा दी थी। उनकी पुस्तक ‘आपबीती : काले पानी की कारावास कहानी’ स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को समझने के लिए जरूर पढ़नी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सजा पूरी होने के बाद भाई परमानंद ने शिक्षा के क्षेत्र में काम किया। उन्होंने भगत सिंह को भी पढ़ाया था। बाद के वर्षों में वह कई साल तक हिंदू महासभा से भी जुड़े रहे। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी से लेकर गुयाना और गदर आंदोलन से लेकर अंडमान तक भाई परमानंद का जीवन प्रेरणादायक रहा है। प्रधानमंत्री ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं से उनके जीवन के बारे में जानने और दूसरों को भी प्रेरित करने का आग्रह किया।

.....

Next Post

बार-बार धारा 163 लगाकर जनता की आवाज दबाना उचित नहीं : कांग्रेस

Sun Oct 25 , 2026
ग्वालियर : ग्वालियर जिला प्रशासन द्वारा एक वर्ष में लगभग चार बार धारा 163 लागू किए जाने पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि कानून का पालन करना प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है और कांग्रेस पार्टी सदैव कानून एवं व्यवस्था का सम्मान करते हुए […]

You May Like