
भोपाल। नव निर्मित भोपाल नगर निगम मुख्यालय में एक महिला कर्मचारी के लगभग 30 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहने की घटना को लेकर कांग्रेस ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण धौलपुरे ने इस घटना को सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन प्रबंधन की गंभीर विफलता बताते हुए कहा कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला कर्मचारी काफी देर तक लिफ्ट में फंसी रही, लेकिन इस दौरान कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और आपातकालीन सहायता तंत्र भी प्रभावी ढंग से काम करता दिखाई नहीं दिया।
धौलपुरे ने आरोप लगाया कि नगर निगम आयुक्त से संपर्क के प्रयास सफल नहीं हुए, जबकि सूचना मिलने के बावजूद फायर विभाग के अधिकारी भी समय पर नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रशासनिक संवेदनहीनता और जवाबदेही के अभाव को उजागर करती है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि आधुनिक अधोसंरचना और विकास के दावों के बावजूद सुरक्षा मानकों तथा रखरखाव की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने मामले की विस्तृत जांच, लिफ्ट एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों का स्वतंत्र तकनीकी ऑडिट कराने तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
