श्यामपुर। ग्राम खंडवा में रास्ते को लेकर हुए विवाद में एक दंपती पर पड़ोसी ने फावड़े और ईंट से हमला कर दिया. हमले में पति-पत्नी घायल हो गए. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण कायम किया है.
पुलिस के अनुसार खंडवा निवासी पूजा प्रजापति ने बताया कि वह खंडवा में ब्यूटी पार्लर चलाती है. पति नरेश प्रजापति का घर और जेठ नारायण सिंह प्रजापति का घर आमने-सामने है. उनके घर का पट्टा पति नरेश प्रजापति के नाम है. करीब तीन माह पहले मकान बनाने का काम शुरू करते समय पति नरेश और जेठ नारायण सिंह ने मिलकर रास्ते को छह फीट चौड़ा कर दिया. जिससे पड़ोसी कैलाश वर्मा ट्रैक्टर उनके घर के सामने खड़ा करने लगे, जिससे ब्यूटी पार्लर की दुकान प्रभावित और घर से बाहर निकलने में भी परेशानी होने लगी. इसी बात को लेकर पति नरेश और पड़ोसी कैलाश वर्मा के बीच विवाद चल रहा है. नरेश प्रजापति मकान में लगी पानी की मोटर बंद करने गए तो पड़ोसी कैलाश वर्मा, उसके बेटे जितेंद्र वर्मा व सोनू वर्मा गाली देने लगे. नरेश ने गाली देने से मना किया तो जितेंद्र और सोनू ने फावड़े से मारपीट की. पत्नी पूजा बचाने गई तो उनको भी घायल कर दिया. हमले में मोबाइल फोन भी टूट गया. पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर आरोपी जितेंद्र वर्मा, सोनू वर्मा, कैलाश वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
