
जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में गर्भवती पत्नी को उसकी जेठानी के सामने पति ने कथित तौर पर तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हनुमानताल निवासी शबनम बानो ने शिकायत करते हुए बताया कि उसका निकाह 7 जनवरी को लाइट फिटिंग का काम करने वाले इमरान खान के साथ हुआ था। शादी के समय सब कुछ ठीक था, लेकिन निकाह के महज एक महीने बाद ही इमरान का असली चेहरा सामने आ गया। पीडि़ता का आरोप है कि पति शराब के नशे में धुत होकर घर आता और उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता था। धीरे-धीरे प्रताडऩा बढ़ती गई और पति द्वारा दहेज में गाड़ी और पैसों की मांग की जाने लगी। इमरान किसी दूसरी महिला के संपर्क में था और उससे फोन पर बात करता था। जब उसने इसका विरोध किया, तो इमरान आगबबूला हो गया और उसने पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस प्रताडऩा से तंग आकर पीडि़ता ने परिजनों को पूरी बात बताई। परिजनों को जानकारी देने की बात से इमरान और अधिक नाराज हो गया और उसने शबनम पर जुल्म और बढ़ा दिए। पीडि़ता का आरोप है कि विवाद के दौरान पति इमरान ने कानून की परवाह न करते हुए अपनी भाभी के सामने ही उसे तीन तलाक बोल दिया और घर से बाहर का रास्ता दिखा दिया। पीडि़ता इस समय गर्भवती है। पीडि़ता हिम्मत जुटा हनुमानताल थाने पहुंची और न्याय की गुहार लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल ने बताया पीडि़ता की शिकायत को दर्ज कर लिया गया है। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
