
इंदौर. स्कीम नंबर 134 में 23.73 ग्राम एमडी ड्रग्स की तस्करी के मामले में फरार चल रहे देवास के इनामी आरोपी को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है. आरोपी पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था. मामले में पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. अब पुलिस उससे ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क और अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है.
30 जून को क्राइम ब्रांच ने दस्तूर डिलाइट गार्डन के पीछे खाली मैदान में एक महिंद्रा थार से 23.73 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की थी. इसकी कीमत करीब 2.30 लाख रुपए बताई गई थी. इस दौरान फरहान शेख, अतीक खान, अमान खान और फरहान खान को गिरफ्तार किया था. जांच के दौरान देवास जिले के इटावा में रहने वाले सोहेल कुरैशी उम्र 22 साल की भूमिका सामने आई. इसके बाद से वह फरार था. पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस की धारा भी जोड़ी है. आरोपी सोहेल मटन की दुकान चलाता है. उसके खिलाफ देवास जिले में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और मारपीट सहित तीन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं. मामले में डीसीपी क्राइम राजेश त्रिपाठी का कहना है कि फरार इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है, उससे ड्रग्स के स्रोत, सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है. जांच में सामने आने वाले अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
