परिवार के नाम पर खरीदी 51 अचल संपत्तियां, लोकायुक्त जांच में 21.65 करोड़ का खुलासा

इंदौर. पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय में पदस्थ प्रधान आरक्षक चालक और उनसे जुड़े लोगों के नाम पर संपत्तियां खरीदने का मामला सामने आया है. लोकायुक्त की जांच में अब तक 21 करोड़ 65 लाख 39 हजार रुपए की चल अचल संपत्ति का पता चला है. इसमें 51 अचल संपत्तियां शामिल हैं, जिनकी वर्तमान बाजार कीमत करीब 68 करोड़ रुपए आंकी है.

लोकायुक्त की जांच में देवास जिले के राजोदा में कृषि भूमि खरीदने की जानकारी भी सामने आई है. पूर्व में सामने आई जमीनों के अतिरिक्त रोशनी वर्मा और रानू कुशवाह के नाम पर 11 जून 2024 को पटवारी हल्का नंबर 68 में 1.15 हेक्टेयर भूमि खरीदी गई थी. इसकी रजिस्ट्री में कीमत 1 करोड़ 65 लाख 2 हजार 498 रुपए दर्ज है, जबकि बाजार भाव के अनुसार इसकी कीमत करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपए आंकी है. लोकायुक्त की अब तक की जांच में मिली 51 अचल संपत्तियों को गाइडलाइन दरों पर खरीदने की कीमत 19 करोड़ 94 लाख 55 हजार रुपए सामने आई है. वहीं, इन संपत्तियों की मौजूदा बाजार कीमत करीब 68 करोड़ 1 लाख 90 हजार रुपए आंकी गई है. चल अचल संपत्तियों का मूल्यांकन फिलहाल 21 करोड़ 65 लाख 39 हजार रुपए किया है. ज्ञात हो कि प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान और उनसे जुड़े लोगों के आवासों व अन्य ठिकानों पर 14 अक्टूबर को लोकायुक्त ने सर्च कार्रवाई की थी. यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन तथा डीआईजी मनोज कुमार सिंह और एसपी राजेश सहाय के मार्गदर्शन में की गई थी. मामले में लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय ने बताया कि सर्च कार्रवाई के दौरान मिले दस्तावेजों और जांच में अब तक 51 अचल संपत्तियों सहित 21.65 करोड़ से अधिक की चल अचल संपत्ति का पता चला है. देवास के राजोदा में कृषि भूमि खरीदने की जानकारी भी जांच में सामने आई है. संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच जारी है.

Next Post

गंगवाल बस स्टैंड के पास छुरा लेकर लोगों को धमका रहा युवक गिरफ्तार

Sat Oct 24 , 2026
इंदौर. गंगवाल बस स्टैंड के पास वैद्य ख्यालीराम के बगीचे के खाली मैदान में छुरा लेकर लोगों को डरा-धमका रहे एक युवक को छत्रीपुरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है. तलाशी में उसकी कमर से धारदार छुरा मिला. शुक्रवार की देर रात प्रधान आरक्षक अजय यादव को सूचना मिली थी कि […]

You May Like