उत्तर-पश्चिमी फ्रांस में तूफान ‘ऑस्टिन’ का कहर : 1.61 लाख घरों की विद्युत आपूर्ति प्रभावित

पेरिस, 23 अक्टूबर (वार्ता) फ्रांस में आये इस सीजन के पहले भीषण तूफान के कारण 1.61 लाख घरों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गयी है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

इस तूफान के कारण 161 किमी/घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल रही हैं, जिससे रेल एवं सड़क यातायात बाधित हो गया है तथा 23 जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। तूफान से न सिर्फ फ्रांस प्रभावित हुआ है, बल्कि आसपास के देश भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।

ब्रिटेन के मौसम पूर्वानुमानकर्ताओं ने उत्तर-पश्चिमी फ्रांस को हिलाकर रख देने वाले इस तूफान का नाम ‘ऑस्टिन’ दिया है।

अटलांटिक महासागर के ऊपर तेजी से और गंभीर रूप लेने के बाद ऑस्टिन ब्रिटिश द्वीपों और फ्रांसीसी तट की ओर बढ़ा। गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि ब्रिटनी क्षेत्र इस तूफान से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ, जिसके बाद विनाशकारी हवाएं नॉर्मंडी और ऑ-दे-फ्रांस की तरफ बढ़ गयी।

तटीय इलाकों में हवा की रफ्तार बेहद तेज रही, जहां फिनिस्टेर के पोंट दु राज में 161 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तूफानी हवाएं चलीं। इसके साथ ही कई मौसम केंद्रों पर अक्टूबर महीने में हवा की गति के पुराने रिकॉर्ड टूट गये।

फ्रांस में इस तूफान का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को देश के उत्तर-पश्चिमी इलाकों विशेषकर ब्रिटनी, पे दे ला लायर और नॉर्मंडी में लगभग 1.61 लाख घर अंधेरे में डूब गये और वहां बिजली आपूर्ति ठप हो गयी। जगह-जगह पेड़ गिरने और खराब मौसम के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ है, जिसके कारण एहतियात के तौर पर कई रेल लाइनों का परिचालन निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा सीन-मैरीटाइम क्षेत्र में पुलों को आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है।

तूफान ‘ऑस्टिन’ का असर यूरोप के अन्य देशों में भी बड़े पैमाने पर देखने को मिल रहा है। ब्रिटेन के कॉर्नवाल और डेवोन में 130 किमी/घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं को देखते हुए ‘अंबर अलर्ट’ जारी किया गया है, जहां शुक्रवार सुबह तक 16,000 से अधिक घरों की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो चुकी थी।

ब्रिटेन के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में दिनभर 100 किमी/घंटे की गति से हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि जर्मनी में, जहां इसे ‘लुईस’ नाम दिया गया है, पश्चिमी व उत्तर-पश्चिमी इलाकों में 100 किमी/घंटे की तूफानी हवाओं की आशंका है।

इससे ठीक पहले आए ‘एडम’ तूफान ने स्पेन और फ्रांस में भारी तबाही मचाई थी, जिसमें छह लोगों की जान चली गयी थी। इस बीच मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि सप्ताहांत में एक और नया तूफान ‘बोएलो’ उत्तरी आयरलैंड, स्कॉटलैंड और इंग्लैंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और तूफानी हवाओं के साथ दस्तक दे सकता है।

 

 

Next Post

जियो IPO का विश्व रिकॉर्ड, 1.38 करोड़ से ज्यादा आवेदन और 22 गुना से अधिक सब्सक्रिप्शन

Fri Oct 23 , 2026
• एंकर सहित करीब ₹7.40 लाख करोड़ की बोलियां, निवेशकों की जबरदस्त मांग • बड़े संस्थागत निवेशकों की QIB कैटेगरी 70 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब • रिटेल में उपलब्ध शेयरों से 2.72 गुना मांग   *मुंबई, 23 अक्टूबर, 2026:* देश के सबसे बड़े जियो IPO ने ऐतिहासिक क्लोजिंग के साथ […]

You May Like