आलीराजपुर पुलिस की नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई

आलीराजपुर। पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर श्री रघुवंश सिंह ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री महोदय, मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से नशामुक्ति अभियान संचालित किया जा रहा है। उक्त अभियान के अंतर्गत आलीराजपुर पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय करने वालों के विरुद्ध लगातार निगरानी रखते हुए प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में दिनांक 22 अक्‍टूबर 2026 को थाना सोण्डवा पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम छोटी हथवी के पटेल फलिया में सेकड़ा उर्फ सेकड़िया पिता तुरसिंह डोडवा द्वारा अपने खेत में तुअर की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे के पौधे उगाए जा रहे हैं। सूचना पर थाना सोण्डवा सहित थाना बखतगढ़, थाना उदयगढ़, थाना चांदपुर एवं थाना सोरवा की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा अवैध गांजे की खेती पर कार्यवाही की गई।

पुलिस टीम द्वारा पंच साक्षियों की उपस्थिति में ग्राम छोटी हथवी के पटेल फलिया में सेकड़ा उर्फ सेकड़िया पिता तुरसिंह डोडवा खेत की पहचान कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान तुअर के पौधों के बीच गांजे के हरे पौधे उगे हुए पाए गए। पुलिस टीम ने खेत में लगे गांजे के पौधों को उखड़वाकर उनकी गिनती एवं इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल की, जिसमें कुल 280 गांजे के हरे पौधे, वजन 142 किलोग्राम, अनुमानित कीमत ₹7,10,000/- होना पाया गया। पुलिस द्वारा उक्त पौधों को विधिवत जब्त कर सीलबंद किया गया तथा कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

प्रकरण में आरोपी सेकड़ा उर्फ सेकड़िया पिता तुरसिंह डोडवा, निवासी ग्राम छोटी हथवी, पटेल फलिया की तलाश की गई, लेकिन वह मौके पर एवं घर पर नहीं मिला। आरोपी के विरुद्ध थाना सोण्डवा में अपराध क्रमांक 287/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

उक्त कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर श्रीमती ज्योति उमठ बघेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस आलीराजपुर डॉ. शक्तिसिंह चौहान के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी सोण्डवा निरीक्षक आशा बामनिया, थाना प्रभारी बखतगढ़ निरीक्षक संतोष सिसोदिया, थाना प्रभारी उदयगढ़ निरीक्षक ब्रजभूषण हीरवे, थाना प्रभारी चांदपुर उपनिरीक्षक दिलीप चंदेल एवं थाना प्रभारी सोरवा उपनिरीक्षक मुकेश कनासिया सहित संबंधित थानों के अधिकारी-कर्मचारी तथा साइबर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उपरोक्‍त कार्यवाही के पूर्व में भी थाना आंबुआ एवं थाना नानपुर क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं कारोबार के विरुद्ध कार्यवाही की गई थी, जिसमें मुख्‍यत दिनांक 11 अक्टूबर 2026 को थाना आंबुआ क्षेत्र के दो प्रकरणों में कुल 2,040 गांजे के पौधे, वजन 2,079 किलोग्राम (20 क्विंटल 79 किलोग्राम), अनुमानित कीमत ₹1 करोड़ 4 लाख रुपये जब्त किए गए थे। इसी प्रकार थाना नानपुर क्षेत्र में दिनांक 15 जनवरी 2026 को 165 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था।

आलीराजपुर पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने तथा युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिलेभर में सतत निगरानी एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अवैध मादक पदार्थों की खेती, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Next Post

विदेशी मुद्रा भंडार 5.01 अरब डॉलर घटकर 721.02 अरब डॉलर पर

Fri Oct 23 , 2026
मुंबई, 23 अक्टूबर (वार्ता) देश का विदेशी मुद्रा भंडार 16 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में 5.011 अरब डॉलर घटकर 721.016 अरब डॉलर रह गया। यह विदेशी मुद्रा भंडार का नौ सप्ताह का निचला स्तर है। साथ ही यह लगातार छठा सप्ताह है जब विदेशी मुद्रा का देश का भंडार कम […]

You May Like