लाइन परिचालक 4 हजार रिश्वत लेते पकड़ाया

इंदौर. धार जिले के बदनावर में अस्थायी बिजली कनेक्शन को स्थायी करने के बदले 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगने वाले बिजली कंपनी के लाइन परिचालक को लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार को 4 हजार रुपए लेते रंगे हाथों पकड़ लिया. आरोपी पहले ही 10 हजार रुपए नकद और 5 हजार रुपए ऑनलाइन ले चुका था. बाकी राशि में से 4 हजार रुपए के लिए वह दबाव बना रहा था.

शिकायतकर्ता राजेश दास के पिता के नाम पर अस्थायी बिजली कनेक्शन था. इसे स्थायी कराने के लिए राजेश ने जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन किया था. आरोप है कि करीब तीन महीने पहले बदनावर ग्रामीण बिजली कंपनी में पदस्थ लाइन परिचालक सौरभ कुमार जैन ने काम करने के बदले 20 हजार रुपए की मांग की थी. शिकायतकर्ता ने उसे 10 हजार रुपए नकद और 5 हजार रुपए ऑनलाइन दे दिए थे. इसके बाद आरोपी शेष 5 हजार रुपए में से 4 हजार रुपए और मांग रहा था. राजेश ने 22 अक्टूबर को इंदौर लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर इसकी शिकायत की. शिकायत का सत्यापन कराने पर रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई. इसके बाद शुक्रवार को लोकायुक्त पुलिस ने ट्रैप की योजना बनाई. निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में टीम बदनावर ग्रामीण बिजली कंपनी कार्यालय पहुंची. यहां आरोपी सौरभ कुमार जैन को शिकायतकर्ता से 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया. लोकायुक्त टीम आगे की कार्रवाई कर रही है. मामले में पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय ने बताया कि शिकायत का सत्यापन कराने के बाद ट्रैप की कार्रवाई की है. आरोपी को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है. उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Next Post

किसानों के लिए जरूरी खबर! कंबाइन हार्वेस्टर में SMS अनिवार्य, ₹59,700 की मिलेगी सब्सिडी \

Fri Oct 23 , 2026
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने कंबाइन हार्वेस्टर में स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (SMS) का उपयोग अनिवार्य कर दिया है। इस सिस्टम से फसल कटाई के दौरान पराली छोटे टुकड़ों में कटकर खेत में फैल जाती है, जिससे उसके प्रबंधन […]

You May Like