भोपाल: भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल में राजभाषा के प्रचार-प्रसार और हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राजभाषा वैजयंती शील्ड एवं राजभाषा गौरव सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान हिंदी के उपयोग को बढ़ावा देने वाले विभागों, विद्यार्थियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक एवं राजभाषा कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार उपाध्याय ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कर्मचारियों से पूरे वर्ष हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बीएचईएल भोपाल ‘क’ क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसलिए यहां हिंदी का अधिकाधिक उपयोग करना कर्मचारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर दिया कि हिंदी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के प्रति रुचि विकसित करना भी पुरस्कार जीतने जितना ही महत्वपूर्ण है।
महाप्रबंधक (मानव संसाधन) हेमराम पटेल ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से राजभाषा हिंदी का कार्यान्वयन मजबूत हुआ है। उन्होंने दैनिक कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की तथा राजभाषा के पूर्ण कार्यान्वयन के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता दोहराई।
समारोह में राजभाषा वैजयंती शील्ड योजना के अंतर्गत विजेता विभाग को सम्मानित किया गया। इसके अलावा बोर्ड परीक्षाओं में हिंदी विषय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन राजभाषा प्रबंधक पूनम साहू ने किया तथा अंत में आभार व्यक्त किया।
