सोनांचल बस स्टैण्ड विवाद: नपा के पाले में गेंद, पीआईसी में होगा निर्णय

सीधी: सोनांचल बस स्टैण्ड विवाद में नपा के पाले में गेंद आ चुकी है। पीआईसी में इस पर निर्णय होगा। सोनांचल बस स्टैण्ड बचाओ-व्यापार बचाओ संघर्ष समिति ने कलेक्टर एवं नपाध्यक्ष को जनहित ज्ञापन सौंपा। कलेक्टर एवं नपाध्यक्ष ने व्यापारियों और जनता के हित में निर्णय का आश्वासन दिया।पुराने सोनांचल बस स्टैण्ड को यथावत रखते हुए वहां से बसों का पुन: संचालन प्रारंभ कराने की मांग को लेकर बुधवार 22 अक्टूबर को सोनांचल बस स्टैण्ड बचाओ-व्यापार बचाओ संघर्ष समिति के तत्वाधान में व्यापारियों एवं प्रभावित नागरिकों द्वारा रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पूर्व विधायक पंडित केदारनाथ शुक्ला एवं संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुनील चौधरी की उपस्थिति में पुराने बस स्टैण्ड को बचाने और व्यापारियों की आजीविका की रक्षा करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

समिति की ओर से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं कलेक्टर सीधी के नाम जनहित ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।ज्ञापन में बताया गया कि सीधी शहर का पुराना सोनांचल बस स्टैण्ड केवल बसों के आवागमन का स्थान नहीं है बल्कि फुटपाथ व्यवसायियों, फुटकर दुकानदारों और छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी का प्रमुख आधार भी है। यहां बसों का संचालन बंद होने से छोटे व्यापारियों के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से सीधी आने वाले यात्रियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समिति ने कहा कि बस स्टैण्ड से बसों का संचालन होने पर स्कूली बच्चों, कॉलेज विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को शैक्षणिक संस्थानों तथा शहर के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचने में सुविधा मिलती है। बसों का संचालन बंद होने से व्यापारियों की आजीविका के साथ-साथ आम नागरिकों की सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
उक्त ज्ञापन कार्यक्रम में पूर्व नपा उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, समाजसेवी आकाश सिंह रिंकू, संजय सोनी, व्यवसाई, गोपाल दास गुप्ता, न्यायालय के सचिव रविंद्र गौतम, व्यापारी संघ के कोषाध्यक्ष रोशन लाल गुप्ता, केशव चौरसिया, जितेंद्र कचेर, कपिल गुप्ता, पवन कचेर, श्रीमती सिया देवी वर्मा, शंकर गुप्ता, दिलीप वर्मा, अतुल सिंह, सत्यम शुक्ला, अंबुज सिंह चौहान, अनंत मिश्रा प्यासी सहित सभी व्यापारी एवं अन्य गणमान्य जन सम्मिलित और उपस्थित रहे।

प्रशासन एवं नपाध्यक्ष से सकारात्मक आश्वासन मिला: केदारनाथ

पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ल ने कहा कि आज आने का उद्देश्य तो जगजाहिर है। हम लोग सोनांचल बस स्टैण्ड को यथावत रखना चाहते हैं। सोनांचल बस स्टैण्ड का भवन सुरक्षित रहे इस बात को लेकर आज ज्ञापन लेकर आये हैं। कलेक्टर से मेरी बात हुई है। नगर पालिका चेयरमैन के पास आये। आप सब की ओर से सकरात्मक आश्वासन मिला है। कार्यवाई प्रक्रिया में है। उम्मीद है कि निर्णय बस स्टैण्ड वालों के पक्ष में होगा।
परिषद और पीआईसी में रखी जायेगी मांग: काजल

नपा सीधी की अध्यक्ष श्रीमती काजल वर्मा ने चर्चा के दौरान कहा कि सोनांचल बस स्टैण्ड में नये निर्माण की योजना सरकार की है, नगर पालिका इसमें केवल एजेंसी है। यदि पीआईसी की बैठक में सरकार की योजना आती है तो विरूद्ध में निर्णय नहीं ले सकती। सोनांचल बस स्टैण्ड के व्यापारियों द्वारा जो ज्ञापन सौंपा गया है हम उसे परिषद, पीआईसी के समक्ष रखेंगे। क्या निर्णय आता है यह मालूम पड़ेगा। मैं व्यक्तिगत रूप से भी सोनांचल बस स्टैण्ड के प्रभावित व्यापारियोंके साथ हूं।

विकास के साथ गरीबों की रोजी-रोटी बचाने की है मांग: सुनील

सोनांचल बस स्टैण्ड बचाओ-व्यापार बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुनील चौधरी ने कहा कि वह शहर के विकास के विरोध में नहीं है लेकिन विकास के नाम पर छोटे व्यापारियों की आजीविका और विद्यार्थियों की सुविधाओं की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। पुराने बस स्टैण्ड को यथावत रखते हुए बसों का संचालन शुरू करने से फुटपाथ व्यवसायियों, फुटकर दुकानदारों और छोटे व्यापारियों को रोजगार मिलता रहेगा।

Next Post

सरकारी स्कूलों में घटे छात्र, शिक्षा केंद्र ने थमाया नोटिस

Fri Oct 23 , 2026
सतना : प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान पहली से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के नामांकन में पांच हजार से अधिक की भारी गिरावट दर्ज की गई है. इस गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक हरजिंदर सिंह ने सतना सहित प्रदेश […]

You May Like