एक छत के नीचे दिखा पूरा भारत, 28 राज्यों की संस्कृति ने मोहा मन

ग्वालियर। स्वदेशी मेला-दीपोत्सव 2026 में गुरुवार को ऐसा नजारा दिखा, मानो पूरा भारत एक ही छत के नीचे सिमट आया हो। महाराष्ट्र की नऊवारी साड़ी, गुजरात का घाघरा-चोली, बंगाल की लाल-सफेद साड़ी और राजस्थान की पारंपरिक वेशभूषा में सजी प्रतिभागियों ने देश की सांस्कृतिक विविधता को प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक गतिविधियों के तहत आयोजित पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता में स्कूल-कॉलेज की छात्राओं से लेकर महिलाओं तक ने 28 राज्यों के पारंपरिक परिधानों में भाग लिया। प्रतिभागियों की वेशभूषा और प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

तीन चरणों में हुई प्रतियोगिता

प्रतियोगिता तीन चरणों में हुई। पहले चरण में प्रतिभागियों ने रैंप वॉक किया। दूसरे चरण में अपने राज्य और स्वयं का परिचय दिया, जबकि तीसरा चरण प्रश्न-उत्तर पर आधारित रहा। निर्णायक के रूप में पार्वती विद्यापीठ की प्राचार्य अर्चना शर्मा, पीजीवी कॉलेज की सहायक प्राध्यापक डॉ. वंदना सेन और माधव विधि महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक डॉ. शीतल जैन उपस्थित रहीं।

नशा मुक्त भारत का दिया संदेश

इसके पूर्व दिवस भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसका विषय नशा मुक्त भारत था। इसमें 20 से अधिक वक्ताओं ने अपने विचारों और तर्कों के माध्यम से समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। निर्णायक के रूप में पीजीवी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील पाठक, माधव महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शिव कुमार शर्मा और माधव शिक्षा महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक बसंती संत मौजूद रहीं।

महिला विभाग संयोजक रोली श्रीवास्तव ने सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन किया। इस अवसर पर डॉ. भारती माहेश्वरी, निरुपमा मालपानी, साधना सैंडल, रिया सक्सेना, आकांक्षा मिश्रा और पवन यादव सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

Next Post

सनातन धर्म मंदिर में मनाई गई पापकुंशा एकादशी

Thu Oct 22 , 2026
ग्वालियर। श्री सनातन धर्म मंदिर में गुरुवार को एकादशी श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर में विराजमान भगवान श्री चक्रधर एवं श्री गिरिराज धरण जी का मनोहारी श्रृंगार कर विशेष पूजन-अर्चन किया गया। सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया। […]

You May Like