
ग्वालियर। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन और वरिष्ठ डीईएनएचएम आनंद गुप्ता के नेतृत्व में 100 से अधिक स्टेशनों पर यात्रियों से सीधा संवाद किया गया। ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस (11123) में भी यात्रियों से सफाई व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया गया।
अभियान में स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर रहा। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने अभियान का नेतृत्व किया। उन्होंने यात्रियों से यात्रा अनुभव, समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की। फीडबैक फॉर्म भरवाए गए और रेलवे सुविधाओं व शिकायत निवारण माध्यमों की जानकारी दी गई। झांसी स्टेशन पर यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के बजाय कपड़े की थैलियों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया और थैलियां वितरित की गईं।
ग्वालियर, चित्रकूट धाम कर्वी, टीकमगढ़, छतरपुर, दतिया, डबरा, उरई, बांदा और मुरैना समेत अन्य स्टेशनों पर अधिकारियों ने जन संवाद किया। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा प्रेम प्रकाश शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक कुलदीप स्वरूप मिश्रा और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन मौजूद रहे।
