रीवा: कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन में सौ दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतें तत्परता से निराकृत कराएं. कलेक्ट्रेट में सौ दिन तथा 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों के लिए लगातार विभागवार शिविर लगाए जाएंगे. सभी अधिकारी पूरी तैयारी के साथ इस शिविर में उपस्थित रहें. प्रत्येक शिकायत पर तथ्यों के साथ प्रतिवेदन दर्ज करें. मांग आधारित शिकायतों को वरिष्ठ कार्यालय के माध्यम से बंद कराएं. इसी तरह पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए भी नियमित रूप से शिविर लगाए जाएंगे. पेंशन से जुड़ी कई शिकायतें सीएम हेल्पलाइन में लंबित हैं.
कलेक्टर ने कहा कि आगामी एक माह तक कई पर्व और त्योहार मनाए जाएंगे. सभी एसडीएम अपने अनुभाग में शांति समिति की बैठक करके त्योहारों के दौरान कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए समुचित प्रबंध करें. महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई पर ध्यान दें. त्योहारों के दौरान शहरों में यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें. दीपावली पर पटाखों की बिक्री पर जोर रहता है. पटाखे बिक्री के लिए सुरक्षित स्थल तय करें. केवल वैध लाइसेंसधारियों को ही दुकान लगाने की अनुमति दें. दो दुकानों के बीच में पर्याप्त अंतर रखें. पटाखा बिक्री स्थल पर अग्निशमन की व्यवस्था करें। पटाखों की अवैध बिक्री पर कठोर कार्रवाई करें. शासन के निर्देशों के अनुरूप 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस तथा एक नवम्बर को प्रदेश स्थापना दिवस समारोह पूर्वक मनाने की व्यवस्था करें. इसी तरह 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती भी मनाने के समुचित प्रबंध करें.
कलेक्टर ने कहा कि जन विश्वास अभियान में 23 अक्टूबर को मनगवां विधानसभा क्षेत्र के पुरवा गांव में शिविर लगाया जाएगा. इस क्लस्टर में लंबित सीएम हेल्पलाइन तथा जन सुनवाई की सभी शिकायतों का निराकरण कराएं. सभी जिला स्तरीय अधिकारी शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें. सभी एसडीएम स्वामित्व योजना तथा भू-अर्जन के प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें. आगामी फसल के लिए खाद की उपलब्धता तथा वितरण की भी कड़ी निगरानी रखें. खाद की रैक नियमित रूप से प्राप्त हो रही है. इसका ई-टोकन के माध्यम से वितरण कराएं. बैठक में कलेक्टर ने धान उपार्जन के लिए किसानों के पंजीयन के सत्यापन, फसल गिरदावरी, वर्षा से खराब हुई सडक़ों के सुधार तथा नरवाई प्रबंधन के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए. बैठक में आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन, सीईओ जिला पंचायत सृष्टि देशमुख गौड़ा, एसडीएम मनगवां संजय जैन तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.
