मुकेश अंबानी ने जामनगर में की मार्को रुबियो की मेजबानी

बुधवार देर रात जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार,श्री रुबियो की इस यात्रा के दौरान श्री मुकेश अंबानी के बड़े बेटे और जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के महाप्रबंधक मुंबई में थे, जहाँ वे जियो प्लेटफॉर्म्स के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (आईपीओ) के रोल-आउट की देखरेख कर रहे थे। बयान के अनुसार, इस यात्रा के दौरान वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य और पारंपरिक तथा नयी ऊर्जा के क्षेत्रों में व्यावसायिक साझेदारी के अवसरों पर व्यापक चर्चा हुई। बातचीत में विश्वसनीय और किफायती ऊर्जा आपूर्ति, तकनीकी प्रगति, मजबूत आपूर्ति श्रृंखला और बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए आवश्यक निवेश जैसे विषयों को शामिल किया गया। बयान में कहा गया है कि इस मुलाकात ने उद्योग से जुड़े दृष्टिकोणों को साझा करने और आपसी व्यावसायिक हितों के क्षेत्रों को तलाशने का एक सार्थक अवसर प्रदान किया।

श्री मुकेश अंबानी और श्री अनंत अंबानी ने अमेरिकी कंपनियों के साथ सहयोग के अवसरों पर अपने विचार रखे, जिसमें तकनीक, इंजीनियरिंग और उन्नत विनिर्माण के क्षेत्रों में दोनों पक्षों की पूरक क्षमताओं का जिक्र किया गया।

बयान के मुताबिक, इस बातचीत से उद्योग से जुड़े नजरिए साझा करने और आपसी व्यावसायिक हितों के क्षेत्रों को तलाशने का एक अच्छा मौका मिला। मुकेश अंबानी और अनंत अंबानी ने जामनगर कॉम्प्लेक्स के लिए रिलायंस के दीर्घकालिक विजन को भी सामने रखा, जिसके तहत इसे डीप-टेक, इनोवेशन और विनिर्माण के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

बयान के अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्री और अमेरिकी राजदूत को दुनिया के सबसे बड़े पेट्रोलियम रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स का दौरा कराया गया, जिसकी क्षमता प्रतिदिन 14 लाख बैरल कच्चे तेल को रिफाइन करने की है। उन्हें इस विश्व-स्तरीय रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स का दौरा कराया गया, जिससे उन्हें इसके विशाल पैमाने, उन्नत तकनीक और एकीकृत संचालन को करीब से देखने का मौका मिला।

श्री रुबियो और श्री गोर को रिलायंस की ‘न्यू एनर्जी गीगा-फैक्ट्रियों’ के बारे में भी बताया गया, जिन्हें अभी चरणों में शुरू किया जा रहा है। इसके अलावा, उन्हें निर्माणाधीन डेटा सेंटरों के बारे में भी जानकारी दी गयी। जामनगर से जारी बयान के अनुसार, इस दौरे में कंपनी के ऊर्जा और डिजिटल बुनियादी ढांचे में किए गए निवेश की झलक देखने को मिली, जिसमें उनकी उन्नत विनिर्माण और डीप-टेक क्षमताओं का समावेश था। इसके अलावा, अमेरिकी विदेश मंत्री और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर को ‘वंतारा’ का दौरा भी कराया गया। ‘वंतारा’ वन्यजीव बचाव और संरक्षण केंद्र है, जिसे रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी ने स्थापित किया है।

 

Next Post

निराश्रित पशुओं के आश्रय स्थल का निर्णय लेगी परिषद

Thu Oct 22 , 2026
सतना :नगर सरकार के मंत्रिमण्डल की बैठक बुधवार को महापौर योगेश ताम्रकार की अध्यक्षता और निगमायुक्त डॉ. नागार्जुन बी गौड़ा की उपस्थिति में आयोजित हुई. इस बैठक में रैगांव रोड रेवरा में निराश्रित पशुओं के लिए आश्रय स्थल बनाए जाने से संबंधित महत्वपूर्ण प्रस्ताव को अनुमोदन के लिए नगर निगम […]

You May Like