तीसरी-चौथी रेल लाइन के विरोध में जनजाति अंचल में उठी आवाज, गोपालपुर से मेघनगर तक 10 किमी पदयात्रा

मेघनगर, (मुकेश मेहता ) दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर तीसरी और चौथी लाइन बिछाने की महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर जनजाति बहुल झाबुआ जिले में विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के बीच ही ग्रामीणों ने अपनी जमीन, मकान और आजीविका बचाने के लिए आंदोलन शुरू कर दिया है।

शनिवार को मेघनगर क्षेत्र के गोपालपुर से एसडीएम कार्यालय तक करीब 10 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकालकर ग्रामीणों ने परियोजना के लिए जमीन देने पर आपत्ति जताई। इस विरोध में कांग्रेस के दोनों विधायक, आम आदमी पार्टी और जयस समर्थित कार्यकर्ता भी शामिल हुए। ग्रामीणों का कहना है कि विकास के नाम पर उनकी पुश्तैनी जमीन और घर छीनने की कीमत पर कोई परियोजना स्वीकार नहीं होगी।

सितंबर 2025 में विशेष रेलवे परियोजना के रूप में शामिल वडोदरा-रतलाम रेलखंड की तीसरी और चौथी लाइन के निर्माण पर सरकार करीब 8,387 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत निर्धारित कर चुकी है। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के अंतर्गत आने वाले इस रेलखंड की लंबाई करीब 259 किलोमीटर है। इसके साथ रतलाम-नागदा के बीच 41 किलोमीटर की तीसरी-चौथी लाइन परियोजना भी प्रस्तावित है। दोनों परियोजनाओं की प्रारंभिक अनुमानित लागत करीब 9,405 करोड़ रुपये बताई गई है। परियोजना के लिए झाबुआ जिले के मेघनगर, थांदला और पेटलावद के एसडीओ को भूमि अधिग्रहण के लिए सक्षम प्राधिकारी नियुक्त किया गया है।

विकास की संभावनाएं, लेकिन जमीन खोने का डर

रेलवे की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य दिल्ली-मुंबई जैसे व्यस्त रेल कॉरिडोर पर ट्रेनों की आवाजाही की क्षमता बढ़ाना, यात्री और मालगाड़ियों के संचालन को सुगम बनाना तथा माल परिवहन में लगने वाले समय को कम करना है। तीसरी और चौथी लाइन बनने से मौजूदा रेल मार्ग पर ट्रेनों का दबाव घटने, औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क मिलने और भविष्य में यात्री व माल परिवहन की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास को भी गति मिल सकती है। हालांकि, विकास की इन संभावनाओं के बीच परियोजना से प्रभावित होने वाले ग्रामीणों के सामने अपनी जमीन, मकान और परंपरागत आजीविका बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है।

पेटलावद क्षेत्र के छायन गांव में ग्रामीणों ने पेसा कानून के तहत ग्रामसभा आयोजित कर रेल परियोजना के लिए भूमि नहीं देने का प्रस्ताव पारित किया है। वहीं मेघनगर क्षेत्र के ग्रामीणों ने भी संगठित होकर विरोध का रास्ता अपनाया है। उनका कहना है कि जिस जमीन पर पीढ़ियों से खेती कर परिवार का पालन-पोषण किया जा रहा है, उसी जमीन के अधिग्रहण से उनका भविष्य संकट में पड़ सकता है।

महिलाओं को सता रही खेती और आशियाना छिनने की चिंता

पदयात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं भी शामिल हुईं। महिलाओं का कहना था कि उन्हें इस रेल परियोजना की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि उनकी आजीविका का आधार उनकी अपनी जमीन और उस पर होने वाली खेती है। कई परिवारों के मकान भी उन्हीं खेतों और जमीनों पर बने हुए हैं। ऐसे में यदि रेल लाइन के लिए जमीन अधिग्रहित होती है तो उनके घर टूटने और परिवारों के बेघर होने की आशंका है। महिलाओं ने चिंता जताई कि जमीन चली गई तो खेती-बाड़ी कैसे करेंगे, परिवार का पालन-पोषण कैसे होगा और बच्चों का भविष्य कैसे सुरक्षित रहेगा। उनके लिए जमीन महज संपत्ति नहीं, बल्कि जीवनयापन, घर और आने वाली पीढ़ियों का सहारा है। ग्रामीणों की मांग है कि उनकी सहमति, पुनर्वास और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित किए बिना भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जाए।

गोपालपुर से मेघनगर तक निकाली पदयात्रा

शनिवार को गोपालपुर से शुरू हुई करीब 10 किलोमीटर की पदयात्रा मेघनगर एसडीएम कार्यालय पहुंची। इसमें आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं झाबुआ विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया, थांदला विधायक वीरसिंह भूरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रांका, यामीन शेख, आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष कमलेश सिंगाड़ और जयस समर्थित कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आदिवासी महिला-पुरुष शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन और भूमि अधिग्रहण को लेकर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर, एसडीएम और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान ‘जो जमीन सरकारी है, वह जमीन हमारी है’ जैसे नारे भी लगाए गए।

जमीन के बदले जमीन और दोगुना मुआवजा देने की मांग

आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं झाबुआ विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने कहा कि झाबुआ जिले से होकर गुजरने वाले दिल्ली-मुंबई आठ लेन एक्सप्रेस-वे के निर्माण में भी जनजाति समाज के लोगों की जमीनें गई थीं, लेकिन प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और जमीन के बदले जमीन नहीं मिलने की शिकायतें आज भी हैं। अब तीसरी और चौथी रेल लाइन के नाम पर एक बार फिर आदिवासी परिवारों को अपनी जमीन और मकान खोने की आशंका सता रही है। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार पहले प्रभावित परिवारों को उनकी जमीन के बदले जमीन उपलब्ध कराए और उचित मुआवजा दे। उनकी मांग है कि दोगुना मुआवजा और प्रभावितों के पुनर्वास की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित होने के बाद ही परियोजना को आगे बढ़ाया जाए।

विकास और अधिकारों के बीच संतुलन की चुनौती

दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग की तीसरी और चौथी लाइन निश्चित रूप से राष्ट्रीय स्तर पर रेल यातायात और माल परिवहन की क्षमता बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे देश के प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक क्षेत्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है। लेकिन झाबुआ जैसे जनजाति बहुल जिले में इस परियोजना की सफलता केवल रेल पटरियां बिछाने से नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों के विश्वास और उनके अधिकारों की सुरक्षा से भी तय होगी। ग्रामीणों की मांग है कि विकास की योजना बनाते समय उनकी जमीन, मकान, खेती और आजीविका को प्राथमिकता दी जाए। अब देखना होगा कि रेलवे और जिला प्रशासन ग्रामीणों की आपत्तियों पर किस तरह सुनवाई करते हैं और विकास की इस बड़ी परियोजना में प्रभावित परिवारों के हितों की रक्षा के लिए क्या कदम उठाते हैं।

Next Post

संसद सत्र से पहले अभिषेक बनर्जी ने तृणमूल सांसदों को जारी किया तीन-लाइन व्हिप

Sat Nov 28 , 2026
कोलकाता, 28 नवंबर (वार्ता) तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा में संसदीय दल के नेता अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को लोकसभा में पार्टी के सभी सांसदों को एक सख्त तीन-लाइन व्हिप जारी कर उन्हें 30 नवंबर से शुरू होने वाली संसदीय बैठकों के दौरान सदन में उपस्थित रहने और […]

You May Like