श्री फिल हेन्स ने इस घटना को “बेहद भयावह” बताया। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी को गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन वह मानसिक रूप से पूरी तरह ठीक हैं।
मेलबर्न में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने पत्रकारों से कहा, “उनका दिल और दिमाग अच्छी स्थिति में है।” सुश्री हेन्स का इलाज मेलबर्न में चल रहा है। उन्होंने कहा, “इस पूरी घटना में अच्छी बात यह है कि वह जीवित हैं।”
श्री फिल हेन्स ने कहा कि उनकी पत्नी के ठीक होने की प्रक्रिया लंबी और कठिन होगी। हालांकि, उन्होंने परिवार के सहयोग से उनके स्वस्थ होने के प्रयासों को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा, “वह दृढ़ इच्छाशक्ति वाली इंसान हैं। हमारे सहयोग और प्यार के साथ वह ठीक होने की पूरी कोशिश करेंगी। हमें इसी की उम्मीद है।”
विक्टोरिया राज्य के ग्रामीण क्षेत्र इंडी निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय सांसद हेन्स सोमवार को अपराह्न में मेलबर्न से करीब 240 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में वांगाराटा स्थित अपने निर्वाचन क्षेत्र के कार्यालय के बाहर एक कार की चपेट में आ गयी थीं।
इस मामले में कथित हमलावर 43 वर्षीय ब्रेंडन नुगेंट को घटना के कुछ ही क्षण बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आरोप है कि उसने अपनी टोयोटा लैंड क्रूजर कार से सुश्री हेन्स को टक्कर मारी थी।
नुगेंट को बुधवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया। उस पर तीन आरोप लगाए गए हैं। इनमें खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर गंभीर चोट पहुंचाना, जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाना और राष्ट्रमंडल के एक सरकारी अधिकारी को नुकसान पहुंचाना शामिल है।
पुलिस ने कहा कि मामले में आगे और आरोप लगाए जा सकते हैं, जिनमें हत्या के प्रयास का आरोप भी शामिल हो सकता है। नुगेंट ने जमानत के लिए आवेदन नहीं किया और उसे फरवरी में फिर अदालत में पेश होना है।
अदालत के दस्तावेजों से यह भी पता चलता है कि उस पर गांजे की खेती करने और उसे अपने पास रखने से संबंधित आरोप भी हैं।
अदालत में संक्षिप्त पेशी के दौरान ब्रेंडन नुगेंट चुप रहा। उसके वकील ने अदालत को बताया कि उसे “मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं” हैं, हालांकि इस बारे में कोई और जानकारी नहीं दी गयी। अदालत को यह भी बताया गया कि वह इडियोपैथिक ट्रांसवर्स मायलाइटिस नामक एक दुर्लभ तंत्रिका संबंधी बीमारी से पीड़ित है, जिसमें रीढ़ की हड्डी में सूजन आ जाती है।
विक्टोरिया पुलिस ने ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस की मदद से बताया कि मामले की जांच जारी है और हमले के पीछे के मकसद का अभी पता नहीं चल पाया है। विक्टोरिया पुलिस आयुक्त माइक बुश ने कहा, “इस घटना के पीछे का मकसद जांच का एक प्रमुख केंद्र है।अभी तक हम इसे जानबूझकर किया गया हमला मान रहे हैं। हमारे अधिकारी इसका पता लगाने के लिए हर पहलू, हर कोण और हर संभावित रास्ते की जांच जारी रखेंगे।”
पुलिस ने कहा कि नुगेंट पहले उसकी निगरानी के दायरे में नहीं था और घटना से पहले सुश्री हेन्स को उससे किसी खतरे की आशंका होने के संबंध में कोई खुफिया जानकारी भी नहीं थी।
जांचकर्ता इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि क्या इस घटना में नशीले पदार्थों या दवाओं की कोई भूमिका थी और क्या नुगेंट तथा हेन्स के बीच कोई व्यक्तिगत संबंध था।
नुगेंट के परिवार ने कहा कि वे कई वर्षों से सुश्री हेन्स के मित्र रहे हैं। परिवार ने कथित हमले को “बेहद दुखद और समझ से परे” बताया।
टक्कर के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने नुगेंट को कार से बाहर निकाला और उसे पकड़कर रखा। जैकब और जैकी इवांस उन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने गंभीर रूप से घायल सुश्री हेन्स की सबसे पहले मदद की।
जैकी ने नाइन के ‘टुडे’ कार्यक्रम में घटना को याद करते हुए कहा कि सुश्री हेन्स उन्हें धन्यवाद दे रही थीं। हेराल्ड सन के अनुसार, जैकी ने बताया कि सुश्री हेन्स ने कहा था, “आप बहुत अच्छे लोग हैं, धन्यवाद।”
जैकब ने अपनी कार में रखे चिकित्सा किट से टॉर्निकेट निकालकर सुश्री हेन्स की एक टांग से हो रहे रक्तस्राव को रोकने में मदद की। गौरतलब है कि टॉर्निकेट एक विशेष पट्टी होती है, जिसे किसी अंग में गंभीर रक्तस्राव को नियंत्रित करने के लिए कसकर बांधा जाता है।
घटना के बाद सुश्री हेन्स की सर्जरी की गयी। उनके पति ने बताया कि शुरुआत में उनकी एक टांग काटनी पड़ी थी और बुधवार सुबह तक दूसरी टांग भी काटनी पड़ी।
इस हमले से वांगाराटा और ऑस्ट्रेलिया का राजनीतिक समुदाय स्तब्ध है। देश में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के खिलाफ हिंसा की घटनाएं आम नहीं हैं।
सुश्री हेन्स पहली बार 2019 में सांसद चुनी गयी थीं। राजनीतिक विचारधारा से अलग-अलग दलों के उनके सहयोगियों के बीच उनका काफी सम्मान है।
प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि घटना के बाद से उनकी श्री फिल हेन्स से कई बार बातचीत हुई है।
राष्ट्रीय प्रसारक एबीसी को दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि महिला राजनेताओं को अक्सर एक खास तरह की धमकी, दुर्व्यवहार और आक्रामकता का सामना करना पड़ता है। इसमें दुष्कर्म की धमकियां भी शामिल हैं।
पुलिस ने वरिष्ठ पदाधिकारियों के खिलाफ धमकियों की घटनाओं में हाल में वृद्धि की भी जानकारी दी है। ऐसे अपराधों के मामलों में लगभग हर सप्ताह एक व्यक्ति के खिलाफ आरोप लगाए जा रहे हैं।
इस घटना ने संघीय सांसदों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहस फिर तेज कर दी है। संघीय पुलिस ने कहा कि देश के सभी 226 संघीय सांसदों को व्यक्तिगत सुरक्षा मुहैया कराने के लिए “बहुत बड़े पैमाने पर कर्मचारियों” की जरूरत होगी।
इसके बजाय, किसी सांसद को नजदीकी व्यक्तिगत सुरक्षा देने का फैसला उसकी भूमिका और उसके सामने मौजूद खतरों के आधार पर किया जाता है।
श्री फिल हेन्स के साथ संवाददाता सम्मेलन में मौजूद गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन ने ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों से अधिक संवेदनशीलता और करुणा के साथ व्यवहार करने की अपील की।
उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए रुककर सोचने और बेहतर इंसान बनने का विकल्प चुनने का समय है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम शालीनता और सभ्यता से पेश आने की अपनी आदत को सीखें या फिर से विकसित करें।”
