
सतना। पन्नीलाल चौक स्थित अहिंसा धर्मशाला में ठहरे पंजाब के एक व्यक्ति के कमरे का ताला तोडक़र अज्ञात चोर मोबाइल फोन, 18 हजार रुपए नकद और आधार कार्ड चोरी कर ले गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंजाब के अमृतसर जिले के सुल्तानविंड रोड निवासी राजेंद्र सिंह (38) मॉडल्स को ट्रेनिंग देने और फैशन शो की ग्रुमिंग का काम करते हैं। काम के सिलसिले में उनका सतना आना-जाना रहता है। यहां रूपम ज्वेल्स के मालिक विदित और ड्राई फ्रूट की दुकान लगाने वाले संतोष से उनकी जान-पहचान है। राजेंद्र सिंह 13 अक्टूबर को विदित से मिलने और एक मीटिंग के सिलसिले में सतना आए थे। इस दौरान उन्होंने पन्नीलाल चौक स्थित अहिंसा धर्मशाला के कमरा नंबर 106 में ठहरने की व्यवस्था की थी। पीडि़त के मुताबिक, 16 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे वह कमरे में ताला लगाकर बाहर बने बाथरूम में नहाने चले गए। करीब 8:45 बजे लौटे तो कमरे के दरवाजे पर ताला नहीं था और दरवाजा खुला हुआ था। अंदर पहुंचने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला।
बिस्तर पर मिला टूटा ताला
बिस्तर पर टूटा हुआ ताला और ताला तोडऩे के लिए इस्तेमाल की गई लोहे की एक वस्तु भी रखी थी। सामान की जांच करने पर उनका ओप्पो मोबाइल फोन नहीं मिला, जिसमें जियो की सिम लगी थी। इसके अलावा बैग में रखा पर्स भी गायब था। पर्स में 18 हजार रुपए नकद और आधार कार्ड रखा हुआ था। घटना के बाद राजेंद्र सिंह ने धर्मशाला के मैनेजर को इसकी जानकारी दी।
