जियो के आईपीओ में एंकर निवेशकों को अधिकतम 8,110 करोड़ रुपये के शेयर आवंटित किए जाने थे। इसके लिए उनकी तरफ से 2.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले। जानकारों के मुताबिक देश के आईपीओ इतिहास में पहली बार किसी निर्गम की संस्थागत मांग ने 2.5 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया है।
इसमें सबसे बड़ा 500 करोड़ रुपये का आवंटन भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) को किया गया है। ब्लैकरॉक, कैपिटल इंटरनेशनल, फिडेलिटी मैनेजमेंट एंड रिसर्च, जीआईसी, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड और एसबीआई म्यूचुअल फंड को करीब 425-425 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।
जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को कारोबार की समाप्ति के साथ बंद होगा। कंपनी ने आईपीओ के लिए मूल्य का दायरा 1,065 रुपये से 1,119 रुपये तय किया है। एंकर निवेशकों के बोली लगाने के लिए 19 अक्टूबर का दिन तय किया गया था।
एंकर बुक में बोली लगाने वालों में एलआईसी, एसबीआई म्यूचुअल फंड, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, कोटक म्यूचुअल फंड और निप्पॉन म्यूचुअल फंड जैसे बड़े घरेलू निवेशकों के साथ ब्लैकरॉक, कैपिटल ग्रुप, फिडेलिटी, श्रोडर्स, जेपी मॉर्गन एसेट मैनेजमेंट और एलियांज जैसी वैश्विक कंपनियां भी शामिल हैं।
पेंशन फंड में जीआईसी, एडीआईए, क्यूआईए और नॉर्गेस जैसे सरकारी कोष के साथ कैलिफोर्निया स्टेट टीचर्स रिटायरमेंट, फ्लोरिडा रिटायरमेंट सिस्टम, एसबीआई पेंशन, एचडीएफसी पेंशन, आईसीआईसीआई पेंशन और यूटीआई पेंशन जैसे पेंशन फंड भी एंकर निवेशकों में शामिल रहे।
एंकर बुक में 200 से ज्यादा निवेशक संस्थाओं और फंड स्कीमों की भागीदारी रही। ग्लोबल टेक्नोलॉजी स्पेशलिस्ट्स ड्रैगोनियर, जैनस हेंडरसन और नाइंटी वन ने भी हिस्सा लिया। वहीं एनाम, प्रेमजी और एचसीएल जैसे भारतीय फैमिली ऑफिस भी जियो आईपीओ के एंकर निवेशकों में शामिल हुए।
