
उज्जैन। उज्जैन में दशहरे पर आज मंगलवार को महाकाल की सवारी निकलेगी। साल में एक बार यह सवारी नए शहर फ्रीगंज में भ्रमण करते हुए दशहरा मैदान पर जाती है जहां विजय के प्रतीक शमी के पेड़ का पूजन किया जाता है।
सवारी पर पहली बार ड्रोन से पुष्प वर्षा की जाएगी। इसके लिए 500 किलो फूल मंगाए हैं। साथ ही मार्ग पर स्वागत के लिए 1 लाख वर्ग फीट एरिए में रंगोली बनाई जाएगी। भगवान महाकाल चांदी की पालकी में विराजित होकर फ्रीगंज वासियों को एक बार दर्शन देने जाते हैं। शहर के प्रमुख मार्गों से निकलेंगे। शाम 4 बजे महाकाल मंदिर के सभा मंडप में पूजन के बाद सवारी शुरू होगी। सशस्त्र जवानों द्वारा बाबा को सलामी देकर रवाना किया जाएगा। महाकाल मंदिर के पुजारी आशीष गुरु ने बताया कि पूरे साल जो महाकाल की सवारी निकलती है वह पुराने शहर में ही भ्रमण करती है। साल में एक बार ही दशहरे पर निकलने वाली सवारी नए शहर फ्रीगंज तक जाती है। इसलिए फ्रीगंज वासी भगवान महाकाल का पलक पावड़े बिछाकर स्वागत सत्कार करते हैं। सवारी महाकाल मंदिर से निकलकर गुदरी चौराहा, पटनी बाजार, गोपाल मंदिर, सराफा, सती गेट, नई सडक़, दौलतगंज, मालीपुरा, देवास गेट, चामुंडा चौराहा, टावर मार्ग, शहीद पार्क, घास मंडी चौराहा, माधवनगर अस्पताल, पुलिस कंट्रोल रूम और एलआईसी ऑफिस होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेगी। यहां भगवान मनमहेश का स्वागत और पूजन किया जाएगा। इसके बाद परंपरा के अनुसार शमी के पेड़ का पूजन होगा। पूजन के बाद सवारी दशहरा मैदान से श्री गंगा होटल मार्ग, देवास रोड, तीन बत्ती चौराहा, माधव क्लब रोड, धन्नालाल की चाल, लोक निर्माण विभाग कार्यालय, फ्रीगंज ओवरब्रिज, संख्याराजे धर्मशाला, देवास गेट, मालीपुरा, दौलतगंज चौराहा, इंदौर गेट, गदा पुलिया, हरिफाटक ब्रिज, बेगमबाग और कोट मोहल्ला चौराहा होते हुए महाकाल मंदिर पहुंचेगी। फ्रीगंज क्षेत्र में व्यापारी और रहवासी भगवान महाकाल का जोरदार स्वागत करेंगे।
2 बैंड, 10 भजन मंडली, 300 बटुक
सवारी में पुलिस बैंड, घुड़सवार दल, सशस्त्र पुलिस बल, मंदिर के पंडे-पुजारी, अधिकारी-कर्मचारी और श्रद्धालु शामिल होंगे। जनजातीय दल के कलाकार सवारी के दौरान प्रस्तुति देंगे तो बटुक विद्यार्थी मंत्रोच्चार करेंगे।इसके लिए 300 वैदिक बटुकों को बुलाया गया है। सवारी मार्ग पर पांच एलईडी रथों से सवारी का प्रसारण किया जाएगा। चांदी का ढोल वादन, तोपची कड़ाबीन, भारत स्काउट-गाइड, कांग्रेस सेवादल और मार्ग उद्घोषक भी सवारी का हिस्सा रहेंगे। सवारी के दौरान लाइव पेंटिंग भी की जाएगी।
