जिले में फूड प्रोसेसिंग यूनिट की आवश्यकता: कलेक्टर

शाजापुर, जिले में किसान कैसे संपन्न हो, खेती को लाभ का धंधा बनाएं, इस दिशा में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मंशा अनुसार जिले के अन्नदाताओं केे लिए काम किया जाएगा. शाजापुर जिले में फूड प्रोसेसिंग यूनिटों की सख्त आवश्यकता है, शाजापुर जिले का अधिकांश ग्रामीण परिवेष का है, यहां किसानों के लिए फूड प्रोसेसिंग यूनिट लाभकारी होगी. साथ ही जिले में अच्छे उद्योग लगें, क्योंकि जिले में उद्योग की संभावना काफी है. प्रशासन के पास पर्याप्त जमीन है, संसाधन है.

उक्त बात शाजापुर के नवागत कलेक्टर डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े ने प्रेस वार्ता में कही. कलेक्टर ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था के साथ-साथ प्रशासनिक कार्य जो जनता के हित में होंगे, उन्हें हर हाल में किया जाएगा. उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि जो कार्य पूर्व में उनके वरिष्ठ अधिकारियों ने किए हैं और जनता के लाभ के लिए हैं, उन्हें और बेहतर किया जाएगा. शहर में अतिक्रमण को लेकर कलेक्टर ने कहा कि जल्द ही जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के साथ शहर के अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही की जाएगी. साथ ही सिंहस्थ को देखते हुए जो भी काम निर्माणाधीन है, उन्हें समयसीमा में पूर्ण कराया जाएगा. पत्रकारों के सुझाव पर कलेक्टर ने कहा कि राजनीतिक दलों के धरना प्रदर्शन जो बस स्टैंड परिसर के समीप होते हैं, उस पर अंकुश लगाया जाएगा. ताकि आमजनों को परेशानी न हो. साथ ही शहर में अतिक्रमण को लेकर सख्त कार्यवाही की जाएगी और शहर को पर्यटन की दृष्टि से और पुरानी धरोहर को संजोने के लिए भी जिला प्रशासन काम करेगा.

स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान रहेगा

नवागत कलेक्टर एमबीबीएस डॉक्टर भी हैं. उनका कहना है कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं बेहतर हों, मरीजों को सरकारी अस्पताल में अच्छा इलाज मिले, इसके लिए वे विशेष अभियान शुरू करेंगे. क्योंकि स्वास्थ्य प्रमुख है और आमजन इलाज के अभाव में परेशान न हों, ये प्रशासन का प्रयास रहेगा.

अवैध कॉलोनियों पर होगी कार्यवाही

पत्रकारों ने जब कलेक्टर को जिले में अवैध कॉलोनियों और भूमाफियाओं के बारे में बताया, तो कलेक्टर ने कहा कि जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी. भूमाफियाओं के खिलाफ कानूनी कार्यवाही भी होगी. छोटे शहरों में उन्होंने अवैध कॉलोनी की बात को स्वीकारा, लेकिन शाजापुर जिले में अवैध कॉलोनी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाएगा. जो लोग अवैध कॉलोनी का काम कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी.

Next Post

ग्वालियर बस स्टैंड पर 680 किलोग्राम मावा जब्त, जांच हेतु नमूने लिए

Mon Oct 19 , 2026
ग्वालियर। सोमवार को ग्वालियर बस स्टैंड पर बसों एवं मावा परिवहन करने वाले वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान एक वाहन से 680 किलोग्राम मावा बरामद किया गया। मावा के नमूने लेकर शेष माल जब्त कर लिया गया है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अधिकारी गिरीश राजौरिया एवं सतीश […]

You May Like