
सिंगरौली। मोरवा क्षेत्र में हुई एक घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी जिला संगठन ने कड़ा रुख अपनाते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष सिंगरौली विनोद सिंह कुशवंशी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह नोटिस भाजपा जिला कार्यालय सिंगरौली द्वारा दिनांक 05 जनवरी 2026 को जारी किया गया है।
जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि 26 दिसंबर 2025 को मोरवा में सत्यानारायण वैश्य पिता शंकर प्रसाद वैश्य पर हुए हमले के विरोध में 02 जनवरी 2026 को वैश्य समाज के लोगों द्वारा भाजपा जिला कार्यालय में सैकड़ों की संख्या में पहुंचकर ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से आरोप लगाया गया कि उक्त घटना में विनोद सिंह कुशवंशी एवं उनके कुछ सहयोगियों की संलिप्तता रही है।
पत्र में कहा गया है कि इस मामले को लेकर वैश्य समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है, जिससे पार्टी की छवि धूमिल हो रही है, जो संगठन के हित में नहीं है। इसे संगठनात्मक अनुशासन से जुड़ा गंभीर विषय मानते हुए प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार मंडल अध्यक्ष से सात दिवस के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है।gy
यह पत्र जिला कार्यालय मंत्री विजय वैश्य द्वारा जारी किया गया है, जिसकी प्रतिलिपि प्रदेश व संभागीय पदाधिकारियों को भी भेजी गई है। संगठन स्तर पर इस प्रकरण को गंभीरता से देखा जा रहा है।
