
जबलपुर। मझौली-सिहोरा मार्ग पर सोनवानी गांव के पास सोमवार शाम दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। भीषण सड़क हादसे में 10 साल की एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और मामले की जाँच शुरू कर दी है
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोसलपुर निवासी चंदन विश्वकर्मा अपनी पत्नी वर्षा श्रीवास और 10 वर्षीय बेटी पल्लवी श्रीवास के साथ बाइक पर सवार होकर सुहासिनी माता के दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी ओर से डूंगरिया निवासी सावन गोटिया, नीरज कोल और विनय पाल अपनी बाइक से लौट रहे थे। दोनों मोटरसाइकिलें जैसे ही मझौली-सिहोरा मार्ग पर स्थित सोनवानी गांव के पास पहुँचीं, रफ्तार तेज होने के कारण दोनों में आमने-सामने की सीधी और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार लोग दूर जा गिरे। इस हादसे में 10 वर्षीय पल्लवी श्रीवास को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में वर्षा श्रीवास, सावन, धीरज, विनय और चंदन गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
